हापुड़ दुष्कर्म मामलाः पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ बच्ची से दरिंदगी करने वाला आरोपित
गढ़मुक्तेश्वर में छह साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
हापुड़ [केशव त्यागी]। अपराधी खुद को कितना ही शातिर क्यों न समझे, लेकिन पुलिस के हाथ उसके गिरेवां तक पहुंच ही जाते हैं। इसकी बानगी गढ़मुक्तेश्वर में छह साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म के मामले में देखने को मिली। 50 हजार का इनामी दलपत आठ दिन से पुलिस को चकमा दे रहा था। शुक्रवार सुबह जनपद अमरोहा के जंगल में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जब पुलिस उसे गढ़ में घटना स्थल पर लेकर पहुंची तो उसने दरोगा की पिस्टल निकालकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि घटना छह अगस्त की है। रात में कोतवाली गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के एक गांव निवासी छह वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। पिता की सूचना पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। सात अगस्त की सुबह बच्ची लहूलुहान हालत में पड़ोसी गांव के जंगल में मिली। मेडिकल जांच मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। दुष्कर्म के आरोपित को पकड़ने के लिए आठ टीम का गठन किया गया।
आरोपित का स्कैच जारी कराए। शिनाख्त होने पर 50 हजार का इनाम भी घोषित कराया। आरोपित की सूचना मिलने पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार दलपत टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब होता रहा। बृहस्पतिवार दोपहर जनपद अमरोहा के गांव धाेरिया बिड़ला स्थित गांगा तट पर बने शमशान घाट के पास दलपत के कपड़े, चप्पल, फैक्टरी का जॉब कार्ड के साथ-साथ पॉलीथिन में रखा सुसाइड नोट मिला था। जिसमें उसने गंगा में डूबकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी, लेकिन यह बात पुलिस के गले नहीं उतरी। टीमों ने दबिश जारी रखी।
शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि दलपत जनपद अमरोहा के गांव महमूदपुर के जंगलों में छिपा हुआ है। पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। कॉम्बिंग के दौरान दलपत को दबोच लिया। आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में घटना स्थल पर पूछताछ के लिए लाया गया। इस दौरान मौका पाकर ओरोपित ने एक दरोगा की पिस्टल छीन ली। पुलिस पर फायरिंग करते हुए दलपत ने फरार होने का प्रयास किया। टीम ने आरोपित की घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की। जिसमें पुलिस की गोली दलपत के पैर में लग गई। पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी ने बताया कि आरोपित को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।