फर्जी डिग्री पर शिक्षक बना लेखपाल निलंबित
जागरण संवाददाता हापुड़ उपजिलाधिकारी धौलाना ने गांव बझैड़ा कला के लेखपाल अशोक कुमार
जागरण संवाददाता, हापुड़
उपजिलाधिकारी धौलाना ने गांव बझैड़ा कला के लेखपाल अशोक कुमार को निलंबित कर दिया है। उस पर बीएड की फर्जी डिग्री के आधार पर जनपद बदायूं में शिक्षक की नौकरी करने का आरोप है। एक माह पहले अशोक को बदायूं पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बदायूं पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने निलंबित करते हुए तहसीलदार धौलाना को जांच सौंपी है। लेखपाल अशोक कुमार जनपद बुलंदशहर के यमुनापुरम का रहने वाला है। उसने आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के नाम की फर्जी बीएड डिग्री बनवाई। उसके आधार पर जनपद बदायूं के दातागंज विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बुझिया में सहायक अध्यापक के पद पर नौकरी प्राप्त कर ली। फर्जी डिग्री का मामला सामने आया तो इस मामले में एसआइटी ने जांच की थी। जिसमें प्रदेश के कई जिलों में नौकरी करने वाले कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीएड प्रमाण पत्र में टेंपरिग करना या फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी करने वालों की सूची शासन को दी थी। जिसके आधार पर 15 मई 2020 को विकास क्षेत्र दातागंज के खंड शिक्षा अधिकारी ने अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अशोक तीन महीने नौकरी करने के बाद वर्ष 2016 से विद्यालय से अनुपस्थित चल रहा था। उसके बाद से अशोक धौलाना तहसील में लेखपाल की नौकरी कर रहा है। उपजिलाधिकारी अरविद कुमार द्विवेदी ने बताया कि 23 सितंबर को बदायूं पुलिस ने लेखपाल अशोक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बदायूं पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अशोक को निलंबित कर दिया है। तहसीलदार धौलाना को जांच सौंपी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।