रक्षाबंधन पर 7533 बहनों ने की निशुल्क यात्रा
जागरण संवाददाता हापुड़ रक्षाबंधन पर 7533 महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में निशुल्क य
जागरण संवाददाता, हापुड़ :
रक्षाबंधन पर 7533 महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की। इनके टिकटों का मूल्य करीब 3.90 लाख रुपये है। प्रदेश सरकार ने 24 घंटे के लिए बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की थी। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की घोषणा की जाती है। इसी के तहत इस बार भी यह घोषणा हुई थी। बीते दो अगस्त की रात्रि 12 बजे से लेकर तीन अगस्त की रात्रि 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की घोषणा की गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं घरों से निकलीं थीं। भाई के घर पहुंचने के लिए महिलाओं ने रोडवेज बसों का सहारा लिया था। हालांकि, पिछले वर्ष के मुकाबले यह आंकड़ा लगभग आधा है। एआरएम नरेश पाल सिंह ने बताया कि हापुड़ डिपो के पास करीब 106 बसें हैं, लेकिन पिछले वर्ष के मुकाबले यात्रियों की संख्या इस बार बेहद कम रही। इसके पीछे का कारण कोरोना संक्रमण रहा। इस कारण करीब 70 बसों का संचालन ही रूटों पर हो सका। यह बसें प्रदेश भर के कई जिलों के लिए रवाना हुईं, जिनमें 7533 महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की है। शासन स्तर पर इसकी जानकारी दे दी गई है।