19 फीट ऊंची ज्वार देखकर किसान हैरान: पिलखुवा में उगी असाधारण फसल; दूर-दूर से देखने पहुंच रहे लोग
पिलखुवा के हिम्मत नगर गांव में 10 बीघा खेत में खड़ी 19 फीट ऊंची ज्वार की फसल किसानों के लिए ...और पढ़ें

ज्वार की 19 फीट ऊंची फसल को देखने पहुंच रहे लोग। फोटो: जागरण
HighLights
हिम्मत नगर में 10 बीघा खेत में 19 फीट ऊंची ज्वार
किसान ने छह दशक में पहली बार देखी ऐसी फसल
खाद, पानी, देखभाल और अनुकूल मौसम से असाधारण बढ़वार
जागरण संवाददाता, पिलखुवा। हिम्मत नगर गांव में 10 बीघा खेत में खड़ी ज्वार की फसल इन दिनों आसपास के किसानों और ग्रामीणों के लिए कौतूहल बनी हुई है।
खेत में ज्वार के पौधे असामान्य रूप से बढ़कर 19 फीट तक पहुंच गए हैं। फसल देखने के लिए आसपास के गांवों से किसान लगातार खेत पर पहुंच रहे हैं।
छह दशक की खेती में पहली बार
किसान चौधरी कलुआ करीब छह दशक से खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह हर वर्ष 10 बीघा में ज्वार की फसल करते हैं, लेकिन इस बार पौधों की बढ़वार लगातार होती रही और फसल 19 फीट तक पहुंच गई।
उनके अनुसार, इतने वर्षों के खेती के अनुभव में उन्होंने पहली बार ज्वार को इतनी ऊंचाई तक पहुंचते देखा है।

खाद पानी और मौसम से मिली मदद
चौधरी कलुआ ने बताया कि फसल की अच्छी बढ़वार के लिए खेत में गोबर की खाद के साथ जरूरत के अनुसार यूरिया और डीएपी का प्रयोग किया गया। समय-समय पर सिंचाई, निराई-गुड़ाई और फसल की नियमित देखभाल भी की गई।
किसान के अनुसार मिट्टी में पर्याप्त नमी बनाए रखने के साथ अनुकूल मौसम का भी फसल को लाभ मिला। उनका मानना है कि खाद-पानी, मौसम और लगातार देखभाल के कारण इस बार ज्वार ने असाधारण बढ़वार की।
फसल देखने पहुंच रहे आसपास के किसान
गफ्फार हसन ने बताया कि क्षेत्र में इतनी ऊंची ज्वार पहली बार देखने को मिल रही है। असामान्य ऊंचाई की फसल को देखने के लिए किसान लगातार खेत पर पहुंच रहे हैं।
चौधरी रहमत, चौधरी शौकीन, हाजी नजर हसन, चौधरी सत्तार, हाजी हसरत और मोनू त्यागी समेत कई किसानों ने खेत में खड़ी ज्वार की ऊंचाई देखकर हैरानी जताई।
यह भी पढ़ें- 'मुस्लिम बनाने की देता है धमकी', हापुड़ में 7वीं की छात्रा से छेड़छाड़ पर भड़का बजरंग दल
