खेत में काम कर रहे मजदूर की ठंड से मौत
संवाद सहयोगी, मौदहा : ग्राम रोहारी में फसल में पानी लगा रहे मजदूर की ठंड लगने से हालत बि
संवाद सहयोगी, मौदहा : ग्राम रोहारी में फसल में पानी लगा रहे मजदूर की ठंड लगने से हालत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इस घटना से मृतक के परिजनों के सामने पेट भरने की समस्या आ खड़ी हुई है।
तहसील क्षेत्र मौदहा के ग्राम रोहारी निवासी राम नारायण 35 पुत्र कामता प्रसाद प्रजापति मजदूर हैं। वह गांव में मजदूरी कर अपने परिवार व वृद्ध माता पिता का भरण पोषण करते हैं। मंगलवार की शाम वह पिरौंदा हार में फसल में पानी लगा रहे थे तभी ठंड लगने से उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह देख आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों व उसके परिजनों की मदद से उसे गम्भीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक देख उसका प्राथमिक उपचार कर उसे मुख्यालय रेफर कर दिया गया। लेकिन उसके परिजनों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने बुधवार इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। वह अपने पीछे दो मासूम पुत्र व एक दुधमुंही बच्ची व पत्नी समेत वृद्ध माता-पिता को बिलखता छोड़ गया है। इस बाबत उप जिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया का कहना है कि इस घटना के सम्बंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है। पीड़ित आएंगे तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।