विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hamirpur में राखी बांधने जा रहे बाइक सवार गोवंश से टकराए, सड़क पर तड़पती रही घायल महिला; 3 बार एंबुलेंस-UP-112 को फोन, मौत

Published: Sun, 30 Aug 2026 04:29 PM (IST)

हमीरपुर में राखी बांधने जा रही एक महिला की बाइक बेसहारा मवेशियों से टकराने के बाद मौत हो गई। बेटे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. महिला राखी बांधने भाई के घर जा रही थी।

  2. बाइक बेसहारा मवेशियों से टकराई, महिला घायल हुई।

  3. एंबुलेंस न मिलने से घायल महिला की मौत हो गई।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बेटे के साथ भाई के घर राखी बांधने जा रही बाइक सवार महिला बेसहारा मवेशियों से टकराकर बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल मां को देख बेटे ने तीन बार 108 एंबुलेंस और तीन बार ही यूपी 112 को फोन लगाया। लेकिन किसी ने सुध नहीं ली।

थकहार कर बेटे ने घटना की सूचना अपने मामा के बेटे को सूचना दी। जिस पर स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें बांदा के जिला अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। मृतका के बेटे ने बताया कि उसकी मां करीब आधे घंटे तक सड़क पर ही तड़पती रही। यदि एंबुलेंस या यूपी 112 की टीम समय से आ जाती तो उसकी मां की जान बच सकती थी।

कोतवाली मौदहा के सिजवााही गांव निवासी 50 वर्षीय शकुंतला पत्नी भूरा रक्षाबंधन के मौके पर 28 अगस्त की शाम अपने बेटे अजीत कुमार के साथ जनपद बांदा के लुकतरा गांव अपने भाई के घर जा रही थी। जैसे ही यह लोग बांदा जनपद के पचुन्ना गांव के पास पहुंचे कि तभी बेसहारा मवेशियों से बाइक टकरा गई। जिसमें शकुंतला बाइक से गिरकर घायल हो गई।

बेटे अजीत कुमार ने बताया कि मां के घायल होने पर उसने तीन बार 108 एंबुलेंस को फोन लगाया और तीन बार ही उसने यूपी 112 को फोन किया। लेकिन किसी ने कोई सुध नहीं ली। करीब आधे घंटे तक उसकी मां वहीीं तड़पती रही। मां की हालत बिगड़ती देख उसने अपने मामा के लड़के सुमित को फोन करके घटना की सूचना दी। जिस पर वह लोग मौके पर पहुंचे और प्राइवेट वाहन से मौके पर पहुंचे और बांदा के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर इलाज दौरान मां की मौत हो गई।

इस घटना से मृतका के स्वजन बेहाल हैं। बेटे का आरोप है कि यदि समय से एंबुलेंस व यूपी 112 की टीम सुध ले लेती तो शायद उसकी मां की जान बच जाती। घर आए शव का स्वजन ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाया है।

भाई के घर से चार किमी.पहले हो गई इकलौती बहन की मौत, सूनी रह गई कलाई

रक्षाबंधन के दिन अपने भाई को राखी बांधने जा रही शकुंतला की मौत भाई के घर से महज चार किमी.पहले ही सड़क हादसे में हो गई। इस घटना के बाद भाई की कलाई सूनी रह गई। रक्षाबंधन के दिन बहन की मौत से भाई राजू समेत अन्य लोग बेहाल हैं। शकुंतला तीन भाइयों में से इकलौती थी। शकुंतला के दो भाइयों की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में गांव में रह रहे भाई राजू को राखी बांधने के लिए वह अपने मायके बेटे के साथ बाइक से जा रही थी।