शापिग मॉल से कर्मियों को निकाला, किया हंगामा
शापिग माल में डयूटी कर रहे कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने पर कर्मचारियों ने काटा हंगामा
संवाद सहयोगी, राठ : रामलीला मैदान के पास शॉपिग मॉल के मैनेजर ने बिना किसी वजह के कर्मचारियों को बाहर कर दिया। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मैनेजर से कर्मचारियों को निकालने का कारण पूछा तो वह कुछ नहीं बता सके। मैनेजर के दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस ने कर्मचारियों को ड्यूटी पर आने की बात कही। तब कहीं जाकर कर्मचारी शांत हुए।
शॉपिग मॉल में करीब एक दर्जन कर्मचारी काम करते हैं। कोविड-19 के चलते कर्मचारियों की एक-एक सप्ताह की ड्यूटी लगाई जा रही है। शुक्रवार को शॉपिग मॉल के मैनेजर ने बिना कारण चार कर्मचारियों को डयूटी से निकाल दिया। जब अन्य कर्मचारियों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने मॉल के बाहर जमकर हंगामा किया। शॉपिग के कर्मचारी सत्यम सोनी, शाहिद, प्रबल तिवारी, मुबारक ने बताया कि वह बीते 11 माह से शॉपिग मॉल में काम रहे हैं। कोविड-19 के चलते वह लोग घर पर बैठे रहे। जब शॉपिग मॉल खुला तो मैनेजर ने एक एक सप्ताह की डयूटी लगाई। बताया कि एक सप्ताह ड्यूटी करने के बाद मैनेजर ने बिना कारण उन लोगों को निकाल दिया। जब मैनेजर से बात की गई तो उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मैनेजर से जब कर्मचारियों के निकालने का कारण पूछा तो वह कुछ नहीं बता सके। डायल 112 के कांस्टेबल अमन ने बताया कि मैनेजर से जब ड्यूटी से निकालने का कारण पूछा तो कोई जबाव नहीं दे सके। इस संबंध में शॉपिग मॉल के मैनेजर विनय गुप्ता ने बताया कि कोविड-19 के चलते शॉपिग मॉल में बिक्री कम होने के कारण कंपनी ने कर्मचारियों को निकाला जा रहा है। इस बात को लेकर सीनियरों से बात की जा रही है।