नियमों की उड़ीं धज्जियां, परेड में जलाया कूड़ा
एनजीटी के नियमों की उड़ीं धज्जियां परेड में जलाया गया कूड़ाएनजीटी के नियमों की उड़ीं धज्जियां परेड में जलाया गया कूड़ा
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : एक ओर प्रशासन दूसरों को नियमों का पालन करने की सीख दे रहा है। लेकिन यहां को अंधेर तो यह हो गई कि परेड ग्राउंड में ही नियमों की धज्जियां उड़ती दिखाई दी हैं। पर्यावरण को लेकर आएदिन लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर ही पर्यावरण को शुद्ध रखने के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
बीते दिनों दशहरा पर्व में मुख्यालय स्थित परेड ग्राउंड में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें भव्य मेला भी लगा था। मेले में सैकड़ों दुकानें लगी थी। जिसमें लोगों ने जमकर खरीदारी की थी और खाने पीने के बाद वहीं पर कूड़ा करकट भी फैला दिया था। परेड ग्राउंड की सफाई के लिए टीमें लगाई गईं। विधिवत परेड ग्राउंड की साफ सफाई हुई। लेकिन बाद में परेड ग्राउंड से निकलने वाले कूड़े के ढेर में कर्मियों के द्वारा आग लगा दी गई। जो एनजीटी नियम के विरूद्ध है। परेड ग्राउंड से उठते धुएं के गुबार ने सभी को परेशान कर दिया। धुएं से उठने वाली गंध से लोग परेशान दिखे। जो भी वहां से निकला वह अपने मुंह को ढककर निकलता नजर आ रहा था।