टपकती छत के नीचे काम करने को मजबूर रोडवेज के कर्मी
टपकती छत के नीचे काम करने को मजबूर है रोडवेज विभाग के कर्मीटपकती छत के नीचे
जासं, हमीरपुर : मुख्यालय स्थित रोडवेज बस स्टैंड परिसर में बना कार्यालय में जर्जर अवस्था का खुद ही दर्द बयां कर रहा है। बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण यहां की छत टपक रही है और कर्मचारियों को टपकती छत के नीचे काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लगातार दो दिनों हुई बारिश से छत टपकने के कारण कई अभिलेख व कंप्यूटर गीले हो गए। जिन्हें शुक्रवार को कर्मचारी ब्लोअर के सहारे सुखाते नजर आए।
बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिससे कई कार्यालय जो जर्जर हाल में हैं वह अपना हाल बयां करने लगे हैं। इन्ही कार्यालयों में से एक कार्यालय रोडवेज विभाग का भी है। जहां बारिश अधिक होने के कारण कार्यालय की छत टपक रही है और ऐसी ही हालत में वहां के कर्मचारियों को इस जर्जर छत के नीचे काम करना पड़ रहा है। बारिश में यह छत कब न ढह जाए। इसका भी कोई भरोसा नहीं है। लेकिन संबंधित अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। छत टपकने के कारण पूरा हाल गीला हो गया और ऊपर से पानी टपकने से कमरे में रखे कंप्यूटर, पंखे व सरकारी अभिलेख भी गीले हो गए हैं। गीले कंप्यूटर व अभिलेखों को सुखाने के लिए कर्मचारियों को ब्लोअर का सहारा लेना पड़ा और उसी के सहारे कंप्यूटर के पार्टस व अन्य सामान सुखाकर उन्हें चालू किया जा रहा है। इस संबंध में एआरएम अकील अहमद ने बताया कि जर्जर छत के मरम्मतीकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन अभी तक बजट पास नहीं हुआ है। जिसके कारण परेशानी हो रही है।