सरकारी कूड़ा घर में फैक्ट्री देख हैरान हुई पुलिस, अंदर जाकर देखा मिली अवैध चीजें, दो युवक गिरफ्तार
राठ नगर पालिका ने सैना मोड़ पर कूड़ा घर बनवाया है। खाली पड़े कूड़ा घर में अवैध असलहे बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार तड़के दबिश दी। यहां मध्य प्रदेश 2के छतरपुर के थाना हरपालपुर के लहदरा गांव के भान सिंह व राठ कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव के राजू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर 33 असलहे कारतूस असलहा बनाने के उपकरण और बाइक बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी के बीच पुलिस ने नगर पालिका के कूड़ा घर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से 23 निर्मित और दस अर्धनिर्मित असलहे मिले हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें जेल भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक मायाराम वर्मा ने बताया कि राठ नगर पालिका ने सैना मोड़ पर कूड़ा घर बनवाया है। खाली पड़े कूड़ा घर में अवैध असलहे बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार तड़के दबिश दी।
यहां मध्य प्रदेश 2के छतरपुर के थाना हरपालपुर के लहदरा गांव के भान सिंह व राठ कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव के राजू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर 33 असलहे, कारतूस, असलहा बनाने के उपकरण और बाइक बरामद किया गया।
बरामद असलहों में 315 बोर के 11 तमंचे, 32 बोर का एक तमंचा, 12 बोर के चार तमंचे, चार अद्धी 12 बोर, तीन एकनाली बंदूक 12 बोर, 10 अर्द्धनिर्मित तमंचा व नाल, तीन खोखा कारतूस 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर व एक जिंदा कारतूस 12 बोर का है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एएसपी ने बताया कि भान सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत कुल आठ मुकदमे छतरपुर (मध्य प्रदेश) के साथ महोबा के महोबकंठ में दर्ज हैं। राजू के खिलाफ मझगवां थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आसपास के जिलों के साथ ही मध्य प्रदेश में असलहे बेचते थे।