विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिल्मी स्टाइल में SDM की रेड, लोकेटरों को चकमा दे बुलेट पर निकले मौदहा एसडीएम, अवैध मिट्टी खनन क्षेत्रों से 6 को उठाया

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:16 PM (IST)

एसडीएम करनवीर सिंह ने मौदहा के तिंदुही गांव में अवैध मिट्टी खनन पर फिल्मी अंदाज में छापा मारा। इस कार्रवाई ...और पढ़ें

बुलेट बाइक से जाते मौदहा एसडीएम।

बुलेट बाइक से जाते मौदहा एसडीएम।

HighLights

  1. एसडीएम ने लोकेटरों को चकमा देने बुलेट का इस्तेमाल किया।

  2. अवैध मिट्टी खनन के आरोप में छह लोग हिरासत में लिए गए।

  3. मौके से चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन जब्त हुई।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मौदहा तहसील के तिंदुही गांव के पास रेलवे के अंडरपास के पास अवैध रूप से हो रहे मिट्टी खनन पर एसडीएम करनवीर सिंह की अगुवाई में छापेमारी हुई। लोकेटरों को चकमा देने के लिए एसडीएम सरकारी गाड़ी को छोड़कर बुलेट पर सवार होकर निकल पड़े।

टीम के अन्य सदस्य भी अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर निकले। इस कार्रवाई के दौरान कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन भी बरामद हुई है। कार्रवाई से मिट्टी का अवैध खनन करने वालों में हलचल मच गई है।

मौदहा तहसील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी के अवैध खनन के क्षेत्र हैं। जहां रात के अंधेरे में मशीनों की मदद से खनन किया जाता है। रातों-रात ट्रैक्टरों से मिट्टी की ढुलाई की जाती है। इस काम को अंजाम देने वाले मिट्टी माफिया लोकेटरों की मदद से प्रशासनिक अमले पर नजर भी रखते हैं।

अफसरों के कार्यालय या आवास से बाहर निकलते ही उनकी लोकेशन दी जाने लगती हैं। इसकी वजह से अक्सर मिट्टी का अवैध खनन करने वाले कार्रवाई से बच बचाकर निकल जाते हैं।

सोमवार की रात एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह को तिंदुही रोड में रेलवे के अंडरपास के आसपास के इलाके में बड़े पैमाने पर मशीनों से मिट्टी के अवैध खनन की सूचना मिली। जिसके बाद एसडीएम ने इस प्वाइंट पर छापा मारने की तैयारी शुरू की।

लोकेटरों को चकमा देने के लिए इस बार उन्होंने सरकारी गाड़ी अपने आवास में ही छोड़ दी और बुलेट पर सवार होकर छापा मारने पहुंच गए। इसके लिए उन्होंने अपनी टीम को भी अलग-अलग बाइकों से मौके पर पहुंचने के निर्देश दे रखे थे। पुलिस कर्मी भी बाइकों में बिना ड्रेस में थे।

देर रात एसडीएम ने तिंदुही के पास रेलवे अंडरपास इलाके के आसपास हो रहे मिट्टी के अवैध खनन स्थल पर छापा मारा तो हलचल मच गई। मौके पर मुईनुद्दीन सहित छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई है।

एसडीएम ने बताया कि इससे पूर्व भी छापा मारा था, लेकिन उक्त लोगों को लोकेशन मिल गई। जिसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि जो भी लोग पकड़े गए हैं उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।