ईरान-इजरायल युद्ध के बीच हमीरपुर प्रशासन अलर्ट, खाड़ी देशों में फंसे लोगों के लिए बना कंट्रोल रूम
हमीरपुर प्रशासन ने ईरान-इजरायल युद्ध के मद्देनजर खाड़ी देशों में फंसे या रह रहे नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल ...और पढ़ें

HighLights
प्रभावित लोगों के लिए जारी किया गया 9454416001 नंबर
डीएम के निर्देश पर की गई व्यवस्था, होगी सुरक्षा व सहायता
जागरण संवाददाता, हमीरपुर/महोबा। ईरान-इजरायल एवं अन्य खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और तनाव की स्थिति को देखते हुए हमीरपुर और महोबा प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर जारी किया है। जो भी नागरिक वहां प्रवास कर रहे हैं या किसी कारणवश फंसे हुए हैं, उनकी सुरक्षा और सहायता समय से की जा सकेगी। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
ईरान-इजरायल एवं अन्य खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और तनाव के बीच विभिन्न देशों में काम के सिलसिले में गए भारतीयों की मदद को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। ऐसे लोगों के बारे में जानकारी जुटाने को लेकर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसमें खाड़ी के देशों में रहने वालों की जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार ने बताया कि ईरान-इजरायल संघर्ष में जनपद के प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जनपद के जो नागरिक खाड़ी के देशों में प्रवास कर रहे हैं या किसी कारणवश फंसे हुए हैं, उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
डीएम के निर्देश के बाद ऐसे प्रभावित नागरिकों का विवरण संकलित करने और उनके स्वजन को सहायता प्रदान करने के लिए जनपद स्तर पर एक फोन नंबर 9454416001 जारी कर दिया गया है। यदि जनपद हमीरपुर का कोई भी निवासी वर्तमान में संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में फंसा हुआ है, तो उनके स्वजन संबंधित व्यक्ति का पूर्ण विवरण (जैसे- नाम, पासपोर्ट नंबर, वहां का पता और संपर्क सूत्र) कंट्रोल रूम फोन पर अथवा व्हाट्सएप नंबर पर तत्काल उपलब्ध करा सकते हैं। फंसे हुए व्यक्ति का विवरण आनलाइन गूगल फार्म के माध्यम से भी उपलब्ध करा सकते हैं।
महोबा में ये हैं कंट्रोल रूम का नंबर
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के निर्देशानुसार ऐसे प्रभावित नागरिकों का विवरण संकलित करने और उनके स्वजन को सहायता प्रदान करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यदि जिले का कोई भी निवासी वर्तमान में संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में फंसा हुआ है तो उनके स्वजन संबंधित व्यक्ति का विवरण (जैसे नाम, पासपोर्ट नंबर, वहां का पता और संपर्क सूत्र) कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 5281-298 431, 5281-298 432, 5281- 298 433 पर दे सकते हैं। इसकी सूचना 24 घंटे साझा कर सकते हैं। प्राप्त विवरण को तत्काल शासन और विदेश मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा, ताकि आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकें।
