हमीरपुर में शराब की दुकान पर महिलाओं का हंगामा, सेल्समैन को कमरे में बंद कर लगाया ताला
हमीरपुर के गोहांड कस्बे में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया और सेल्समैन ...और पढ़ें
HighLights
महिलाओं ने शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया
आक्रोशित महिलाओं ने सेल्समैन को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाया
शराब के आदी व्यक्ति की मौत के बाद मोहल्ले में बढ़ा आक्रोश
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड कस्बे में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर गुरुवार शाम महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित महिलाओं ने शराब की दुकान के सेल्समैन को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद महिलाएं ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने महिलाओं को समझाकर मामला शांत कराया। महिलाओं का कहना था कि मोहल्ले में शराब की दुकान संचालित होने से परिवारों पर बुरा असर पड़ रहा है।
गोहांड निवासी 40 वर्षीय चंद्र प्रकाश पुत्र हरिराम ने बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अपने मकान में पत्नी की साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी थी। घटना के बाद परिवार में हलचल मच गई। मृतक की पत्नी कमलेश ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर विवाद करता था। युवक की मौत के बाद मोहल्ले की महिलाओं में शराब की दुकान को लेकर आक्रोश बढ़ गया।
गुरुवार शाम तमाम महिलाएं शराब की दुकान पर पहुंचीं और ठेका हटाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने सेल्समैन को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद दुकान के बाहर धरने पर बैठकर शराब का ठेका बंद कराने और मोहल्ले से हटाने की मांग उठाई। महिलाओं का कहना था कि शराब की दुकान के कारण घर-परिवार प्रभावित हो रहे हैं और सामाजिक माहौल खराब हो रहा है।
हंगामे की सूचना पर जरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने महिलाओं को समझाते हुए बताया कि शराब का ठेका सरकारी है। इसे अलग से हटाया नहीं जा सकता। पुलिस के आश्वासन के बाद महिलाओं को शांत कराया गया।
