विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में आरोपित को पकड़ने गए सिपाही पर हमला, कमरे में बंधक बना मारा फरसा, हालत गंभीर

Published: Tue, 02 Dec 2025 08:52 PM (IST)

हमीरपुर के उमराहट गांव में दो आरोपियों ने एक सिपाही पर हमला किया। सिपाही को बंधक बनाकर फरसे से सिर ...और पढ़ें

रस्सी से बंधे हाथ और लहूलुहान हालत में पड़ा सिपाही। जागरण

रस्सी से बंधे हाथ और लहूलुहान हालत में पड़ा सिपाही। जागरण

HighLights

  1. थाना कुरारा के उमराहट गांव का मामला, घायल सिपाही कानपुर रेफर

  2. सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज की गाड़ी पर भी ग्रामीणों ने किया पथराव

संवाद सूत्र, जागरण, कुरारा (हमीरपुर)। महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपितों को पकड़ने गए सिपाही व चौकीदार को मारपीट करने वाले युवकों ने पहले तो पथराव किया फिर सिपाही के हाथ रस्सी से बांधकर उसे बंधक बनाकर लाठी डंडों जमकर मारपीट की। इतना ही नही आरोपितों ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला भी कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।

घटना की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज की प्राइवेट कार पर भी पथराव कर दिया। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पर कुरारा थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल सिपाही को लेकर जिला अस्पताल आए। जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया है। जिसकी हालत नाजुक है।

 

ये था मामला

थाना कुरारा के उमराहट गांव के केवटन का डेरा निवासी फूल सिंह उर्फ जोकर की पत्नी को गांव के ही स्व. लाखन के पुत्र मुकेश और योगेश ने मारपीट कर घायल कर दिया था। जिसकी शिकायत लेकर महिला कुरारा थाने के हरौलीपुर चौकी पहुंची। जहां पर उसने चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह को सारी घटना बताई। जिस पर चौकी इंचार्ज ने चौकी में तैनात मीरजापुर जनपद के कल्यानपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सिपाही आशीष मौर्या व चौकीदार जयपाल निषाद को मौके पर भेजा।

 

बाइक पर थे दोनों

दोनों लोग बाइक से जैसे ही डेरा पहुंचे कि तभी मारपीट करने वाले आरोपितों व उनके स्वजन ने सिपाही व चौकीदार पर पथराव करना शुरू कर दिया और सिपाही को घसीटकर घर के अंदर बंधक बना लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नही आरोपितों ने सिपाही के सिर पर धारदार हथियार से भी हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

 

कार पर भी किया पथराव

घटना की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह भी पुलिस के साथ मौके पर अपनी प्राइवेट कार से पहुंचे। जिनकी कार को आरोपितों ने पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कुरारा थाने से पुलिस बल जब मौके पर पहुंचा तो उन्होंने घायल सिपाही को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसको प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है।

 

गांव में पुलिस बल तैनात

वहीं घटना की सूचना मिलने पर एएसपी मनोज कुमार गुप्ता व सीओ सदर राजेश कमल भी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस संबंध में एसपी डा.दीक्षा शर्मा ने बताया कि महिला के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस आरोपितों को पकड़ने गई थी। तभी सिपाही के साथ मारपीट की गई है। मामले की जांच की जा रही है। सिपाही को कानपुर रेफर कर दिया गया है।