हमीरपुर में टायर फटने से दो स्कूली वाहनों की आमने-सामने टक्कर, सात बच्चे घायल
गुरुवार सुबह हमीरपुर के राठ कस्बे में दो स्कूली वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक ही स्कूल के सात बच्चे घायल हो गए।
HighLights
हमीरपुर में दो स्कूली वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हुई।
एक वाहन का टायर फटने से हुआ यह हादसा।
सात बच्चे घायल हुए, सभी खतरे से बाहर, उपचार के बाद छुट्टी।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। गुरुवार की सुबह खराब मौसम के बीच दो स्कूली वाहनों में आमने सामने हुई भिड़ंत में एक ही स्कूल के सात बच्चे घायल हो गए। हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर है।
एंबुलेंस की मदद से सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी राठ में भर्ती कराया गया है। यह हादसा एक खाली स्कूली वाहन का टायर फटने के कारण हुआ।
राठ कस्बे के सेना रोड पर गुरुवार की सुबह रिमझिम बारिश के बीच दो स्कूली वाहनों की टक्कर से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में पीएसएन इंटर कॉलेज अमगांव के करीब सात बच्चों को चोटे आई हैं।
वाहन चालक हरचरन यादव ने बताया कि वह अपनी साइड पर था। तभी सामने से एक अन्य स्कूली वाहन जिसका टायर फट गया। वह उनके वाहन से सीधे टकरा गया। जिससे उनके वाहन में सवार स्कूली बच्चों को चोटे आई हैं।
सभी बच्चों की हालत स्थिर
सभी बच्चों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया है। एंबुेलंस के पायलट अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि बस में कुल 19 बच्चे सवार थे, जिनमें सात को चोटे आई हैं। सभी को एंबुलेंस में ही फर्स्टएड दिया गया और फिर सीएचसी लाया गया।
-1787202825067.webp)
घायलों बच्चों में कोतवाली क्षेत्र के करगांव गांव के रामसेवक का 13 वर्षीय पुत्र हर्ष, 15 वर्षीय पुत्री स्नेहा, 13 वर्षीय मानसी पुत्री रामभरोसे निवासी लींगा, 14 वर्षीय सनज्योति पुत्री शत्रुघ्न निवासी लींगा, 12 वर्षीय साक्षी पुत्री सुरेंद्र कुमार निवासी टीकुर, 12 वर्षीय करिश्मा पुत्री हरिमोहन निवासी टीकुर और 13 वर्षीय रिया पुत्री जयहिंद निवासी टीकुर हैं।
सीएचसी में मौजूद डॉक्टर के अनुसार सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की छुट्टी कर दी गई है। इस हादसे की सूचना मिलने पर सीएचसी में बड़ी संख्या में अभिभावकों का जमावड़ा लग गया। सपा नेत्री चंद्रवती वर्मा भी घायल बच्चों का हालचाल लेने को सीएचसी पहुंच गई।
