हमीरपुर में यातायात महीने में बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे पुलिसकर्मी, चालान की कार्रवाई पर उठे सवाल
हमीरपुर में यातायात माह के दौरान पुलिसकर्मी ही बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे, जिससे यातायात नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।

बिना हेलमेट के बाइक चलाते खाकीधारी। जागरण
HighLights
यातायात माह में पुलिसकर्मी बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखे।
आम नागरिकों पर चालान, पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं।
जनता की मांग, नियम सभी के लिए समान हों।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। यातायात माह नवंबर का आधा महीना बीत चुका है। लेकिन यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। शहर की सड़कों पर खाकी वर्दी पहने दो पुलिसकर्मी बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखाई दिए। ऐसे में यातायात नियमों का पालन कराने वाले विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
हैरानी की बात यह है कि आम नागरिक बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए दिखाई देता है तो यातायात पुलिस तत्काल उसे रोककर चालान की कार्रवाई करती है और नियमों का पालन करने की हिदायत देती है। लेकिन जब वर्दीधारी पुलिसकर्मी ही बिना हेलमेट के सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई कौन करेगा। पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही को लेकर आम लोगों के बीच भी चर्चाएं हो रही हैं।
जिले में यातायात माह नवंबर की शुरुआत दो नवंबर को पुलिस परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने संयुक्त रूप से की थी। इस दौरान अधिकारियों ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे।
यातायात पुलिस ने अभियान के तहत बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की। इसके बावजूद सड़कों पर बिना हेलमेट बाइक चलाते पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। ऐसे में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि यातायात नियम सभी के लिए समान होने चाहिए और नियमों का पालन कराने वालों को भी खुद इसका उदाहरण पेश करना चाहिए।