हमीरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंचे बुलडोजर के आगे खड़े हो गए सदर विधायक, ईओ को लगाई फटकार
हमीरपुर में रोडवेज बस स्टैंड के सामने नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई का सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने विरोध किया।

अतिक्रमण हटाने के दौरान बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध करते सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति
HighLights
हमीरपुर में नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
सदर विधायक मनोज प्रजापति ने कार्रवाई का विरोध किया।
विधायक ने जाम का कारण रोडवेज बसों को बताया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। रोडवेज बस स्टैंड के सामने शुक्रवार को नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की गई। फुटपाथ पर रखी दुकानों और सामान को हटाने पहुंची पालिका टीम ने कई दुकानदारों के काउंटर उठा लिए। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हलचल मच गई।
नाराज दुकानदारों ने मामले की सूचना सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति को दी। मौके पर पहुंचे सदर विधायक भाजपा डॉ. मनोज प्रजापति ने नगर पालिका के बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई का विरोध करते हुए ईओ समेत पालिका कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि जाम दुकानों से नहीं रोडवेज बसों के सड़क पर खड़े होने से लग रहा है। इस दौरान उन्होंने एसपी को मौके से फोन करते हुए सड़क पर खड़ी होने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

शुक्रवार की दोपहर शहर के मुख्य मार्ग में रोडवेज डिपो के सामने फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को लेकर पालिका की टीम व बुलडोजर कार्रवाई करने लगा। इस बीच दुकानदारों में हलचल मच गई। दुकानदारों ने कार्रवाई की सूचना सदर विधायक को दी। विधायक ने मौके पर नगर पालिका अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया।
सदर विधायक ने पालिका ईओ हेमराज से कहा कि नियम और मानवीय पहलू को ध्यान रखा जाए। सड़क और फुटपाथ पर वास्तविक अतिक्रमण है तो उसे हटाया जाए, लेकिन निर्धारित सीमा के अंदर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को बेवजह परेशान करना उचित नहीं है। विधायक ने बस स्टैंड के सामने सड़क पर खड़ी होने वाली रोडवेज बसों को लेकर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि डिपो के सामने सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां भरती हैं। जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इसके बावजूद बसों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है और छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई के लिए पालिका का बुलडोजर पहुंच गया। मौके से ही विधायक ने पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक को फोन कर सड़क पर बसें खड़ी कर सवारी भरने से लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराया।
उन्होंने बसों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। वहीं ईओ से कहा कि दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। दुकानदार बाबू, सद्दू व बिल्लू ने बताया कि पालिका के द्वारा लगाई गई रेलिंग के पीछे से ही सभी दुकाने है। लेकिन पालिका बेवजह आए दिन परेशान करती रहती है। सड़क पर जाम बसों के द्वारा लगता है। विधायक के विरोध के बाद पालिका की टीम वापस लौट गई और दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
