यूपी में 20KM लंबे जाम ने ली जान, कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर घंटों फंसा रहा मरीज
कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर भीषण जाम के कारण एक बीमार युवक संजय यादव की इलाज न मिलने से मौत हो गई। खून की उल्टियां होने पर परिजन उसे हमीरपुर जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन कम्हरिया गांव के पास जाम में फंसने से उसकी हालत बिगड़ गई। यह घटना हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की कमी पर गंभीर सवाल उठाती है।
-1770443861271_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर गुरुवार देर रात लगे जाम ने फिर एक बीमार युवक की जान ले ली। हाईवे पर सुमेरपुर-हमीरपुर के बीच लगे जाम में कम्हरिया गांव के पास फंसी कार पर सवार चांद डेरा निवासी संजय यादव की इलाज नहीं मिलने से मृत्यु हो गई।
स्वजन उन्हें खून की उल्टियां होने की शिकायत पर उपचार के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर ले जा रहे थे। जहां मरीज की मौत हुई, वहां से जिला अस्पताल की दूरी लगभग 20 किमी है।
सामान्य ट्रैफिक रहने पर यह दूरी 20 से 25 मिनट में पूरी हो जाती है, लेकिन जाम के कारण कार आगे नहीं बढ़ सकी। इससे मरीज ने दम तोड़ दिया। इससे पहले भी हाईवे पर जाम में फंसने के कारण एक गर्भवती व एक प्रसूता के शिशु की मौत हो चुकी है।
जनपद के जलालपुर क्षेत्र के धौहल बुजुर्ग गांव के चंदा डेरा मुहल्ला निवासी 32 वर्षीय संजय यादव पुत्र रामसजीवन बुधवार को मौदहा क्षेत्र के मसगंवा निवासी पत्नी मैना की बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। जहां शाम को संजय की तबीयत बिगड़ी और खून की उल्टियां होने लगीं।
स्वजन उसे सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। स्वजन घर न जाकर वापस शादी वाले घर संजय को ले गए। जहां रात करीब तीन बजे संजय की दोबारा हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे फिर से सीएचसी मौदहा लेकर पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। स्वजन उसे कार से हमीरपुर ले जा रहे थे, लेकिन सुमेरपुर और हमीरपुर के बीच हाईवे पर लगे भीषण जाम में कार फंस गई और आगे निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला।
इस बीच संजय की हालत और बिगड़ती चली गई। मृतक के भाई बब्बू यादव ने बताया कि जाम में फंसे रहने के कारण इलाज नहीं मिल सका। इससे संजय कम्हरिया गांव के पास पहुंचे थे कि तभी संजय ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन शव लेकर घर लौट गए।
संजय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मैना, तीन वर्षीय बेटी परी है। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन, आपातकालीन मरीजों के लिए रास्ता खोलने और रात की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जलालपुर थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है, जांच की जा रही है। स्वजन ने बताया कि युवक शादी में गया था। तबीयत खराब होने पर उसे हमीरपुर ले जा रहा था, लेकिन देर रात लंबा जाम लगा था। इस वजह से वह लौट आए थे। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं मिली है।
तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि बेतवा पुल पर रात डंपर खराब होने के कारण जाम लगा था। जिसे कुछ समय बाद खुलवा दिया गया था। जाम में फंसे व्यक्ति की मौत के संबंध में जानकारी नहीं है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो जांच की जाएगी।
सहालग और खराब वाहन बने जाम का कारण
हमीरपुर : कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर गुरुवार शाम छह बजे बेतवा पुल पर एक डंपर खराब होने के कारण जाम लगने की शुरुआत हुई। सहालग होने के कारण हाईवे पर ट्रैफिक अत्यधिक था। इससे छोटे वाहन जल्दी निकलने की होड़ में आड़े तिरछे भागने लगे। जिसमें जाम की स्थिति बढ़ने लगी।
रात करीब आठ बजे शहर के वृद्धा आश्रम के पास कार व ट्रक की भिड़ंत हो गई, जिसके चलते ट्रैफिक रेंग रेंग कर आगे बढ़ने जैसी स्थिति बन गई। रात 11 बजे कुछेछा के पास एक डंपर खराब होने से रेंग रहा ट्रैफिक जाम में बदल गया।
जो देखते ही देखते इंगोहटा से लेकर यमुना पुल पार दुर्गा पुर मोड़ तक जाम फैल गया। रात साढ़े 12 बजे के बाद जाम खुला लेकिन वाहन रेंग रेंग कर ही किसी तरह से निकले। यह स्थिति पूरी रात बनी रही। ट्रैफिक सुबह करीब पांच बजे के बाद सामान्य हो सका।
एनएचएआई के रूट पेट्रोलिंग अधिकारी आनंद स्वरूप ने बताया कि रात में वाहन होने और सहालग होने से ट्रैफिक अधिक होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। करीब 20 किमी क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। सुबह पांच बजे के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
पोस्टमार्टम में बिसरा किया गया सुरक्षित
जाम में फंसने के कारण इलाज न मिलने से जान गंवाने वाले संजय यादव के स्वजन ने घटना को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। जांच कर रही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार संजय लीवर की बीमारी से ग्रसित था। मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।