हमीरपुर में पूर्व सांसद का सामान ला रहे मिनी ट्रक चालक से वसूली, खुद को GST अफसर बताकर छीने 11 हजार
हमीरपुर में पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का सामान ला रहे मिनी ट्रक को बेतवा पुल के पास रोका गया। खुद ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का सामान ला रहा ट्रक रोका गया।
फर्जी जीएसटी अधिकारियों ने चालक से 11 हजार रुपये लूटे।
पुलिस ने नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के सांसद रहे एवं भाजपा नेता गंगाचरण राजपूत के घर का सामान लेकर लखनऊ से आ रहे मिनी ट्रक को बेतवा पुल के पास कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर 50 हजार रुपये मांगे। चालक के साथ मारपीट कर 11 हजार रुपये छीन लिए गए।
पूर्व सांसद की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व अज्ञात के खिलाफ फर्जी अधिकारी बनने, लूट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व सांसद के पुत्र भाजपा से चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत हाल ही के दिनों में जल जीवन मिशन योजना में बदहाली पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से झड़प को लेकर चर्चा में रहे हैं।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में पूर्व सांसद ने बताया कि 22 सितंबर को सुबह करीब आठ बजे उनके घर का सामान लखनऊ से मिनी ट्रक द्वारा चरखारी लाया जा रहा था। रुपये मांगने पर चालक ने उनसे बात कराई। आरोप है कि फोन पर बात करने वाले ने अपना नाम हर्षित यादव बताया।
जब उन्होंने जीएसटी विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो इस नाम के किसी व्यक्ति के विभाग में तैनात नहीं होने की जानकारी मिली। आरोप है कि फोन कटने के बाद आरोपितों ने चालक को पीटा व रुपये छीने सदर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पूर्व सांसद की तहरीर पर हर्षित यादव व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
