हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती 26 सितंबर से, एडमिट कार्ड के रंगीन प्रिंटआउट सहित ये दस्तावेज लाने होंगे साथ
हिमाचल प्रदेश में भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली 26 सितंबर से 6 अक्टूबर तक हमीरपुर में आयोजित की जाएगी।

हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती रैली 26 सितंबर से शुरू होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
अग्निवीर भर्ती रैली 26 सितंबर से 6 अक्टूबर तक हमीरपुर में।
हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित।
एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंटआउट और मूल दस्तावेज अनिवार्य।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में भारतीय सेना की ओर से अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेना भर्ती रैली का शेड्यूल तय हो गया है। 26 सिंतबर से छह अक्टूबर तक अणु खेल मैदान एवं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर हमीरपुर में भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। निदेशक आर्मी भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने बताया कि यह भर्ती रैली जिला हमीरपुर, बिलासपुर एवं ऊना के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन कामन एंट्रेंस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा अभ्यर्थियों को इ-मेल के माध्यम से भी सूचित किया गया है।
बार कोड स्कैनिंग होगी
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड का उच्च गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट आउट अवश्य साथ लाएं, ताकि बारकोड स्कैनिंग के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ये दस्तावेज लाने होंगे साथ
अभ्यर्थियों को रैली के दौरान सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों एवं उनकी दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां जैसे आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र की तीन प्रतियां, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, डोगरा वर्ग तथा जाति प्रमाण पत्र, स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, एनसीसी/खेल/ रिश्तेदारी का मूलरूप प्रमाण पत्र (यदि हो), पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।
बोनस मार्क्स प्रमाणपत्र
इसके अतिरिक्त बोनस अंकों से संबंधित सभी प्रमाण पत्र केवल निर्धारित तिथि को ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वह समय पर उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।
यह भी पढ़ें: 35 वर्ष बाद परिवार से मिली प्रमिला, मिशन अपनों तक के प्रयास ने हिमाचल से ओडिशा में ढूंढ निकाले अपने
