हमीरपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में चाचा-भतीजे की मौत; कार सवार लोग भी घायल
हमीरपुर के राठ में धनौरी गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में चाचा-भतीजे की मौके पर ...और पढ़ें

अनियंत्रित कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर।
HighLights
राठ के धनौरी गांव में कार-बाइक की टक्कर।
हादसे में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत।
कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
संवाद सूत्र, राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव के पास शनिवार की दोपहर सौ किमी.प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही कार बाइक से जा भिड़ी। कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा व भतीजे दोनों करीब चार फीट ऊपर उछले और कार के शीशे पर जा गिरे। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के समय चाचा व भतीजे हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। इस घटना में कार सवार मां-बेटे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी राठ पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चाचा-भतीजे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मुस्करा थाने के उपरहंका के श्रीरामपुर डेरा निवासी 28 वर्षीय सर्वेश पुत्र मथुरा प्रसाद अपने भतीजे 19 वर्षीय अरविंद पुत्र करन सिंह के साथ बाइक से अपनी बहन महोबा जिले के कुनाटा गांव जा रहे थे। तभी धनौरी गांव के सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा भतीजे की मौत हो गई। वहीं कार सवार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कमला कालोनी आजाद चौक निवासी 60 वर्षीय मालती सिंह परिहार पत्नी रामपाल सिंह अपने 28 वर्षीय पुत्र अर्पित सिंह परिहार, हरपालपुर निवासी उसके दोस्त 28 वर्षीय गौरव शुक्ला, फतेहपुर के खुटला सिजौली गांव निवासी रिश्तेदार 23 वर्षीय वीर सिंह परिहार और 38 वर्षीय हरि सिंह के साथ छतरपुर से फतेहपुर जा रहे थीं। जो इस हादसे में घायल हो गए।
सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दोनों मृतक खेती-किसानी और मेहनत-मजदूरी करते थे और अविवाहित थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।