विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर: माता-पिता को मिली नौकरी, बेटे कर रहे थे गांव की सफाई, दोनों कर्मी किए गए सस्पेंड

Published: Sun, 23 Aug 2026 03:46 PM (GMT+05:30)

हमीरपुर में ग्राम चौपालों के निरीक्षण के दौरान दो गांवों में सफाई कर्मियों की जगह उनके बेटों को सफाई करते पाया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. ग्राम चौपालों में सफाई कार्यों का स्थलीय सत्यापन।

  2. सफाई कर्मियों की जगह उनके बेटों से काम।

  3. वीर बहादुर और सुनीता देवी को तत्काल निलंबित।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आयोजित की जा रही ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन का भी स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है।

इसी क्रम में विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम पंचायत चंदपुरवा बुजुर्ग तथा कलौलीजार में आयोजित चौपाल व स्थलीय निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मियों की जगह उनके बेटे गांव की सफाई करते पाए गए। जिस पर दोनों गांवों के सफाई कर्मियों को निलंबित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्राम पंचायत चंदपुरवा बुजुर्ग में आयोजित चौपाल के दौरान संबंधित सफाई कर्मी वीर बहादुर मौके पर उपस्थित नहीं मिले। उनके स्थान पर उनके पुत्र द्वारा सफाई कार्य किया जाना पाया गया। पूछताछ में सफाई कर्मी द्वारा अपनी खराब तबीयत के कारण अपने स्थान पर पुत्र से सफाई कार्य कराया जाना स्वीकार किया गया।

दोनों सफाई कर्मी किए गए निलंबित

वहीं, ग्राम पंचायत में नियमित रूप से सफाई कार्य न किए जाने तथा अपने पदीय दायित्वों एवं कर्तव्यों का समुचित निर्वहन न किए जाने की स्थिति भी सामने आई। इसी प्रकार कलौलीजार में स्थलीय निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई।

परिसर में घास-फूस एवं झाड़ियां उगी हुई थीं तथा पानी जमा होने के कारण कीचड़ की स्थिति बनी हुई थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित सफाई कर्मी सुनीता देवी के स्थान पर उनके पुत्र द्वारा सफाई कार्य किया जाना पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि संबंधित सफाई कर्मी द्वारा स्वयं अपने कार्यस्थल पर सफाई कार्य न करते हुए अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जा रहा था।

उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मी वीर बहादुर एवं सुनीता देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों मामलों में आरोपित कर्मियों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ करते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर के स्कूल में प्रधानाध्यापक पर अभद्रता का आरोप लगा छात्राओं ने किया हंगामा, जांच को पहुंचे सीडीओ, एसडीएम व बीइओ