त्योहार पर पानी की मारामारी, दस दिन में सिर्फ दो दिन आपूर्ति
कुलपहाड़ तहसील का सबसे बड़ा गांव मुढ़ारी
संवाद सूत्र, बेलाताल (महोबा) : कुलपहाड़ तहसील का सबसे बड़ा गांव मुढ़ारी त्योहार के समय भी पानी की किल्लत से जूझ रहा है। बीते दस दिन में यहां सिर्फ दो दिन ही जलापूर्ति की गई है। हालात ये हैं कि लोगों को अन्य जरूरी काम छोड़कर पानी के इंतजाम के लिए जूझना पड़ रहा है।
गांव मुढ़ारी की आबादी 18 हजार से ज्यादा है। यह गांव अक्सर ही पेयजल संकट के कारण सुर्खियों में रहता है। गर्मी के मौसम में तो यहां टैंकरों से आपूर्ति करानी पड़ती है। हालांकि जल निगम की लापरवाही से इस समय में पानी की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। यहां टंकी भरने का जिम्मा जल निगम के जिम्मे है, जबकि सप्लाई व्यवस्था जल संस्थान देखता है, लेकिन ये काम भी ठीक से नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से दीपावली के त्योहार पर भी लोगों को पेयजल नसीब नहीं हो रहा है। जल निगम के संविदा कर्मी लापरवाही के चलते रात के समय टंकी नहीं भर पाती। इस वजह से सप्लाई देने में दिक्कत आ रही है।
पंकज सिंह जेई जल संस्थान
समस्या की जानकारी नहीं थी। अब पता चला है यदि वास्तव में लापरवाही के कारण सप्लाई बंद है तो जांच कराकर लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एनएन तोमर, अधिशासी अभियंता जल निगम