खाद न मिलने से मायूस होकर लौटने को किसान मजबूर
संवाद सूत्र इंगोहटा किसानों को छह दिन से
संवाद सूत्र, इंगोहटा : किसानों को छह दिन से समिति से खाद नहीं मिल पा रही है। जिससे किसान समिति के चक्कर काट रहे है और मायूस होकर लौटने को मजबूर हैं। वहीं खाद न मिलने से रबी की फसल की बुआई भी नहीं हो पा रही है।
इंगोहटा क्षेत्रीय सहकारी समिति में किसानों को छह दिन से डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। जिससे आए दिन किसान समिति चक्कर लगाते रहते है। दो दिन पहले समिति के सचिव व महोबा सहकारी बैंक के सदस्य भगवानदीन प्रजापति के बीच खाद वितरण को लेकर कहा सुनी हो गई थी। जिसको लेकर सचिव तो अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए है और अन्य कर्मचारी भी समिति में ताला डाले हुए घूम रहे है। यहां पर प्रतिदिन बिदोखर, मवई, बंडा, बांके, बाक, पलरा नदेहरा, आदि गांव के किसान प्रतिदिन किराया लगा कर खाद के लिए आते है। लेकिन समिति में खाद न मिलने से वह वापस मायूस होकर लौटने को मजबूर हो जाते। किसान जयराम विश्वकर्मा, लाखन सिंह, शिवराम प्रजापति, भोला मिश्रा, सुभानी खां, राम सजीवन, सविता, भौना प्रजापति, पप्पू साहू, चुन्नू साहू सहित सैकड़ों किसानों ने समिति के कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि मंहगे दामों में खाद बेच दी जाती है।