हमीरपुर में घर में सो रहे बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, फारेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में 68 वर्षीय ठाकुरदास अहिरवार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या ...और पढ़ें

HighLights
हमीरपुर के बिहूनी गांव में बुजुर्ग ठाकुरदास अहिरवार की हत्या।
धारदार हथियार से गला रेतकर की गई वारदात, परिवार को जानकारी नहीं।
पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में घर में सो रहे 68 वर्षीय ठाकुरदास अहिरवार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की रात करीब 12 बजे परिवार के लोग घर में सो रहे थे। तभी रात करीब दो बजे मृतक की पोती मोबाइल चार्ज करने के लिए कमरे में गई, जहां खून पड़ा देखकर उसने स्वजन को घटना की जानकारी दी। इस घटना से पूरे गांव में हलचल मची हुई है।
जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, राठ सीओ राजीव प्रताप सिंह समेत फारेंसिक और डाग स्क्वाड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
डाग स्क्वाड की मदद से भी हत्यारों तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशे गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे नरेश का कहना है कि परिवार को हत्या के संबंध में किसी तरह की जानकारी नहीं है और न ही उन्हें किसी पर शक है।
पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
