हवन कर स्थापित की गईं दुर्गा प्रतिमाएं, मंदिरों में उमड़ी भीड़
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शहर के मंदिरों में सुबह से ही भ
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शहर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। शंख घड़ियालों की आवाजें मंदिरों में गूंजती रही। वहीं घर घर कलश की स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा की गई। साथ ही शहर के तमाम स्थानों में हवन पूजन के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की गई और कमेटी के लोगों ने मां की आरती की।
नवरात्र पर्व पर भक्तों की भीड़ सुबह से ही मंदिरों में लगनी शुरू हो गई है। शहर के सुप्रसिद्ध मंदिर चौरा देवी, गौरा देवी, दुर्गा देवी मंदिर में भोर से ही महिलाओं का तांता मंदिरों में जाता देखने को मिला। देवी आरती के साथ लोगों ने मां दुर्गा की आराधना की। इन मंदिरों को नवरात्र के चलते भव्य तरह से सजाया गया है। चौरा देवी मंदिर में मेला भी लगा है। इसके अलावा शहर के दो दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा के भव्य पंडाल सजाए गए हैं। जिनमें बुधवार को सारा दिन देवी प्रतिमाओं की स्थापना का क्रम चलता रहा। हवन पूजन के साथ भक्तों ने मां दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की और पूजन अर्चन किया।
कोतवाल ने सौंपी स्टाफ को जिम्मेदारियां
दुर्गा पूजा को लेकर शहर कोतवाल शैल कुमार ¨सह ने बुधवार की सुबह कोतवाली परिसर में स्टाफ की बैठक आयोजित की। जिसमें उन्होने समस्त पुलिस कर्मियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपते हुए किसी भी प्रकार की कोई घटना न होने के लिए सचेत किया। उन्होंने मंदिरों में कड़ी चौकसी रखने के साथ साथ देवी पंडालों में भी नजर रखे रहने की बात कही।