डंपर ने वृद्धा को कुचला, छह घंटे लगाया जाम
संवाद सूत्र, छानी : बिवांर थानाक्षेत्र के छानी गांव में बजेहटा मार्ग पर मौरंग लेने जा रहे अज्ञा
संवाद सूत्र, छानी : बिवांर थानाक्षेत्र के छानी गांव में बजेहटा मार्ग पर मौरंग लेने जा रहे अज्ञात डंपर से कुचलकर वृद्ध महिला की मौत हो गई। जिससे आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुकदमा दर्ज कराने व मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। करीब छह घंटे तक बजेहटा मार्ग जाम रहा। पति की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
छानी खुर्द गांव निवासी छोटी 60 पत्नी शिवनंदी गुरुवार दोपहर अपनी बकरियों को चारा लेने बजेहटा भुजपुर मार्ग स्थित खेतों की ओर जा रही थी। तभी छानी से खदान की ओर मौरंग लेने जा रहे डंपर ने पावर हाउस के निकट कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पावर हाउस में मौजूद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच घटना की सूचना परिजनों को दी। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और उन्होंने परिजनों के साथ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची बिवांर थाना पुलिस करीब छह घंटे तक समझाने का प्रयास करती रही। परिजनों को खदान संचालकों द्वारा साढ़े तीन लाख रुपये देने के बाद जाम खुल सका। पति ने अज्ञात वाहन के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने सहायता राशि दिलाने की पुष्टि नहीं की है।