ओवरलोडिग रोकने को डीएम ने यमुना पुल पर की नाकेबंदी
जागरण संवाददाता हमीरपुर आएदिन ओवरलोड वाहनों के चलते कानपुर सागर हाईवे पर लगने वा
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : आएदिन ओवरलोड वाहनों के चलते कानपुर सागर हाईवे पर लगने वाले जाम को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। जिलाधिकारी ने जागरण में प्रकाशित जाम में फंसी कार बीमार स्टांप विक्रेता की मौत खबर को संज्ञान में लेकर जहां मनकी से होकर कानपुर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है। वहीं ओवरलोडिग रोकने को यमुना पुल पर निगरानी के लिए एआरटीओ व यात्रीकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। जो पुलिस बल के साथ यहां से होकर निकलने वाले ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करेंगे।
कानपुर सागर हाईवे पर 27 फरवरी की रात लगे जाम के चलते मुख्यालय निवासी बीमार स्टांप विक्रेता भूपेंद्र नारायण की इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। जिसे जागरण ने एक मार्च को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इमरजेंसी के लिए कुरारा मनकी से होकर कानपुर को जाने वाले मार्ग की मरम्मत के निर्देश देने के साथ यहां से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि जाम की स्थिति में एंबुलेंस फंस जाती है। जिससे मरीजों को समय से इलाज नहीं मिल पाता इसे देखते हुए मनकी मार्ग से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है। साथ ही कहा कि हाईवे में जाम का कारण कई बार यहां से होकर गुजरने वाले ओवरलोड ट्रक बनते है। ओवरलोडिग रोकने को यमुना पुल के पहले लक्ष्मीबाई तिराहे पर एआरटीओ नरेश कुमार वर्मा, रामवृक्ष सोनकर व यात्रीकर एवं मालकर अधिकारी अर्जुन श्रीवास्तव की ड्यूटी लगाई गई है। तीनों अधिकारी अलग अलग आठ आठ घंटे की ड्यूटी करेंगे। उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। बताया कि संबंधित अधिकारियों को 10 मार्च तक का ड्यूटी चार्ट दिया गया है। जिसके अनुसार उक्त लोग नियत तिथि में नियत समय के अनुसार ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करेंगे। वहीं उन्होंने बताया कि मौरंग खदानों से ओवरलोड होकर निकलने वाले ट्रकों के पाए जाने पर संबंधित खदान संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।