मिलावटी सरसों के तेल से किडनी और दिल को सबसे ज्यादा खतरा, जांच-परख कर करें सेवन
बाजार में बिक रहे मिलावटी सरसों के तेल से किडनी और दिल को गंभीर खतरा हो सकता है।

तस्वीर- जागरण आर्काइव।
HighLights
मिलावटी तेल से किडनी, दिल और पाचन तंत्र को खतरा।
सरसों के तेल में राइस ब्रान, पाम आयल की मिलावट।
तेल की शुद्धता जांचने के लिए फ्रीजर टेस्ट करें।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बाजार से सरसों का तेल खरीदते समय अब विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मुनाफाखोरों द्वारा तेल में की जा रही केमिकल और सिंथेटिक रंगों की मिलावट आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है, जिससे किडनी खराब होने और हार्ट फेल होने तक का खतरा रहता है।
आमतौर पर शुद्ध सरसों का तेल भोजन का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर होता है। इसके पोषक तत्व जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने और मांसपेशियों में लचीलापन बनाए रखने में मददगार होते हैं।
लेकिन मिलावटी तेल इन फायदों के बजाए शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है। विशेषज्ञों ने लोगों को खुली बिक्री वाले सस्ते तेल से बचने और हमेशा सीलबंद व प्रमाणित ब्रांड का ही तेल खरीदने की सलाह दी है।
तेल में क्या मिलाते हैं-
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) डा.गौरीशंकर बताते हैं कि सरसो के तेल में मुनाफा कमाने के लिए कारोबारी अधिकांशता उसमें राइस ब्रान, पाम आयल, डीओ मिलाने का काम करते हैं।
ऐसे करें पहचान-
सरसो के तेल की पहचान करने के लिए शीसी बंद तेल को फ्रिजर में रख दें, यदि तेल गाढ़ा हो जाता है तो उसमें मिलावट हो सकती है। यदि गाढ़ा नहीं होता तो तेल शुद्ध है। पुराने लोग किसान आदि सरसो के तेल को सूंघ कर भी उसकी शुद्धता बता देते हैं।
यह हो सकता है नुकसान
जिला अस्पताल के सीएमएस डा.आरएस प्रजापति बताते हैं कि मिलावटी तेल का सेवन करने से फूड प्वाइजनिंग, पाचनतंत्र की समस्याएं, लिवर, किडनी खराब होने की संभावना व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती है।