विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बेकाबू होकर फिसली बाइक, दो लोगों की मौत

Published: Mon, 05 Oct 2026 11:01 AM (IST)

हमीरपुर में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मथुरा-वृंदावन से लौट रहे दो श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दो श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत।

  2. बाइक चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर फिसली बाइक।

  3. मथुरा-वृंदावन से लौट रहे थे मोहन मिश्रा और संजय पांडेय।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। धार्मिक यात्रा कर मथुरा-वृंदावन से वापस अपने घर लौट रहे दो श्रद्धालुओं की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई।

हादसा एक्सप्रेसवे के पोल संख्या 73.3 के पास बाइक चालक को झपकी आने के कारण हुआ, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दूर तक घिसटती चली गई। राहगीरों और पीछे से आ रहे स्वजन की मदद से दोनों को तुरंत 108 एंबुलेंस द्वारा मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के सतना जिला स्थित बरौंधा तहसील मझगवां के नकेला निवासी 50 वर्षीय मोहन मिश्रा पुत्र इंद्रमणि और 45 वर्षीय संजय पांडेय पुत्र मुन्ना पांडेय के रूप में हुई है। दोनों अपने गांव के अन्य स्वजन के साथ मोटरसाइकिल से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गए हुए थे।

वहां से दर्शन कर वह वापस भरतकूप की ओर आ रहे थे। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर झपकी आ जाने से यह हादसा हो गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के समय पीछे दूसरी बाइक से आ रहे मोहन मिश्रा और संजय पांडेय के चचेरे भाई रिंकू मिश्रा और रामजी पांडेय जब मौके पर पहुंचे, तब राहगीरों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में हलचल मच गई।

मृतक मोहन मिश्रा पेशे से किसान थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो शादीशुदा बेटियां और एक युवा बेटा है। वहीं मृतक संजय पांडेय भी किसानी करते थे, उनके परिवार में पत्नी के साथ एक युवा बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद सीएचसी पहुंचे स्वजन रो-रोकर बेहाल हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- कानपुर में सरकारी डॉक्टर ने गोली मारकर की खुदकुशी, पत्नी से लड़ाई के बाद उठाया खौफनाक कदम