कानपुर-सागर हाईवे पर 12 किमी लंबा जाम, खीझे लोग
जागरण संवाददाता हमीरपुर मुख्यालय के यमुना पुल में चल रहे मरम्मतीकरण के कार्य व बेतवा प
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : मुख्यालय के यमुना पुल में चल रहे मरम्मतीकरण के कार्य व बेतवा पुल में खराब हुए कंटेनर के कारण शुक्रवार दोपहर कानपुर सागर हाईवे में हल्के व भारी वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिसमें यात्रियों के साथ साथ एंबुलेंस में सवार मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि पैदल चलने वाले लोग भी पुल के रेलिग का सहारा लेकर निकल रहे थे। वहीं हाईवे स्थित पूरा बेतवा पुल हल्के व भारी वाहनों से पटा नजर आया। करीब 12 किलोमीटर के लंबे जाम ने हर किसी को छका दिया। करीब तीन घंटे तक यह जाम लगा रहा। जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा सकी।
शुक्रवार दोपहर बेतवा पुल में एक कंटेनर खराब हो गया। जिसके कारण धीरे धीरे वाहनों की लाइनें लगना हाईवे में शुरू हो गईं। वहीं यमुना पुल में भी इस समय मरम्मतीकरण का कार्य पीएनसी की टीम कर रही है। जिसके कारण और भी आवागमन भी परेशानी हो रही है। लेकिन शुक्रवार को जिस कदर जाम लगा। उसने हर किसी को परेशान कर दिया। बसों में बैठे यात्री थकहार कर पैदल चलने को मजबूर हो गए। महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर रेलिग के सहारे निकलती दिखाई दी। वहीं पुरुष भी बच्चों को कंधे में लादकर जाते दिखाई दिए। इसके अलावा हल्के व भारी वाहनों के जाम में बाइक सवार भी घंटों फंसे रहे। जाम कानपुर जनपद के आनूपुर मोड़ से सुमेरपुर थानाक्षेत्र के कुंडौरा गांव तक पहुंच गया।
एंबुलेंस में तड़पते पिता को रास्ता खाली कराने के लिए गिड़गिड़ाता रहा बेटा
मौदहा के कम्हरिया गांव निवासी सोनू के पिता जमालुद्दीन को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया जा रहा था। शरीर में आक्सीजन लेवल कम होने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी। जिन्हें आनन फानन में अस्पताल लेकर स्वजन आ रहे थे। लेकिन बेतवा पुल के ऊपर लगे जाम का शिकार उन्हें होना पड़ा और उनका बेटा सोनू रो-रोकर रास्ता खाली कराने के लिए लोगों से मदद मांगता रहा। मीडिया कर्मियों की सूचना मिलने पर मौके पर आई यातायात टीम ने एंबुलेंस को रास्ता दिलाया। जिसके बाद स्वजनों ने राहत महसूस की।