सांड़ के हमले में घायल हुआ था युवक, नगर निगम अफसरों पर दर्ज होगी एफआइआर Gorakhpur News
गोरखपुर के ग्रीन सिटी में सांड़ के हमले में घायल युवक के परिजन नगर निगम के अफसरों पर एफआइआर कराएंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के ग्रीन सिटी में सांड़ के हमले में घायल युवक के परिजन नगर निगम के अफसरों पर एफआइआर कराएंगे। इधर, प्राइवेट अस्पताल में युवक की हालत स्थिर बनी हुई है। पसलियां टूटने और अंदरूनी चोट होने के कारण डॉक्टरों ने दो बार अल्ट्रासाउंड किया है।
सांड़ के हमले में टूट गई हैं पसलियां
नेताजी सुभाषचंद्र बोस नगर कॉलोनी गोरखनाथ निवासी विवेकानंद पांडेय (30 वर्ष) बाइक से रविवार सुबह खजांची चौराहा स्थित शोरूम पर जा रहे थे। ग्रीन सिटी में एक सांड़ ने विवेकानंद पर हमला कर दिया। सांड़ की सींग विवेकानंद के सीने में घुस गई। इससे दो पसलियां टूट गईं, साथ ही सीने में अंदरूनी चोट भी आई।
एसएसपी को देंगे तहरीर
विवेकानंद के परिजनों ने कहा कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण सड़क पर सांड़ घूम रहे हैं। कहा कि नगर निगम अफसरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के लिए मंगलवार को डीएम और एसएसपी को तहरीर भेजेंगे।
बढ़ते ही जा रहे शहर में बेसहारा पशु
नगर निगम प्रशासन बेसहारा पशुओं को पकड़कर कान्हा उपवन में पहुंचाने की बात कह रहा है। कान्हा उपवन हाउसफुल भी हो गया है, लेकिन शहर में बेसहारा पशुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है।
कान्हा उपवन से भाग चुके हैं 15 पशु
कान्हा उपवन से कुछ दिनों पहले 15 पशु भाग निकले थे। दो कर्मचारियों की आपसी लड़ाई में मुख्य गेट खुला रह गया था। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि बाद में इन पशुओं को पकड़ लिया गया।