आपसी विवाद में युवक को मारी गोली, चल रहा था खाने-पीने का दाैर Gorakhpur News
परसिया इंटरपुर गांव में कुछ लोग खाने-पीने के लिए पार्टी का आयोजन किए हुए थे। शराब का दौर चल रहा था। इसी बीच शराब पीने के दौरान दो युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थानाक्षेत्र के परसिया इंटरपुर गांव में रविवार रात विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। किसी ने घटना की सूचना यूपी 112 को दी। पुलिस तत्काल गांव में पहुंच घायल युवक को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दावत की चल रही थी पार्टी
परसिया इंटरपुर गांव में कुछ लोग खाने-पीने के लिए पार्टी का आयोजन किए हुए थे। शराब का दौर चल रहा था। इसी बीच शराब पीने के दौरान दो युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ लोग विवाद शांत कराने में लगे थे। जबकि कुछ ललकार रहे थे।
गोली लगने से अभिजीत सिंह गंभीर
इसी बीच किसी ने गोली चला दी। गोली चलने से पिपराइच थानाक्षेत्र के बैलो गांव निवासी 35 वर्षीय अभिजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलते से गांव में आफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रात दो बजे के करीब श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। घटना स्थल को लेकर पुलिस टालमटोल कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल भटहट बताया
एसएचओ विजय राज सिंह ने घटनास्थल को भटहट में बताते हुए कहा कि रविवार की रात शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। रात को दोनों पक्ष समझौता के लिए एकत्र हुए थे। इस दौरान गोली चल गई। एक युवक घायल है। घटना स्थल को लेकर जांच चल रही है।