नाबालिग पत्नी की विदाई कराने आए युवक की पिटाई, पुलिस ने युवती की मां को हिरासत में लिया Gorakhpur News
गोरखपुर में नाबालिग पत्नी की विदाई कराने आए एक युवक की गांव वालों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने युवती की मां को हिरासत में ले लिया है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के गुलरिहा इलाके में नाबालिग पत्नी की विदाई कराने आए युवक को ससुराल वालों ने पीट दिया। मामला भटहट पुलिस चौकी पर पहुंचा तो नाबालिग की शादी करने की बात सामने आई। नाबालिग की शादी करने के आरोप में पुलिस ने किशोरी की मां को हिरासत में ले लिया है।
15 वर्ष की है किशोरी
15 वर्षीय किशोर की शादी करीब एक साल पहले बहराइच जिले में उतरौला क्षेत्र के रमवापुर निवासी नईम के पुत्र सोनू से हुई थी। शादी में विदा होकर किशोरी ससुराल गई। दो माह बाद मायके लौट आई। इसके बाद वह ससुराल जाने को तैयार नहीं है। आरोप है कि ससुराल में उत्पीडऩ होने की वजह से किशोरी दोबारा वहां जाने को तैयार नहीं है। रविवार को सोनू उसे विदा कराने आया था। इस दौरान ससुराल वालों से उसका विवाद हो गया। इस आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह से पीट दिया। सोनू के इसकी शिकायत भटहट चौकी में करने पर पुलिस ने नाबालिग की मां को हिरासत में ले लिया है। भटहट चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नाबालिग की शादी करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस आधार पर किशोरी की मां को हिरासत में लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
ससुराल आए युवक पर किशोरी से छेड़खानी का आरोप
गुलरिहा इलाके में ससुराल आए युवक पर गांव की ही 14 वर्षीय किशोरी ने छेड़खानी का आरोप गाया है। पीडि़ता के पिता ने इस संबंध में नामजद तहरीर दी है। आरोपित युवक तिवारीपुर क्षेत्र का रहने वाला है। गुलरिहा इलाके में उसकी ससुराल है। बताते हैं कि 14 वर्षीय किशोरी सुबह घर से बाहर हैंडपंप पर बर्तन धुल रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचा युवक उससे छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर वह फरार हो गया। सरहरी चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।