विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जीत का श्रेय खुद और हार का ठीकरा EVM पर', गोरखपुर में सीएम योगी का कांग्रेस पर करारा प्रहार

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:22 AM (IST)

सीएम योगी ने कांग्रेस पर राजनीतिक विफलता छिपाने के लिए देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

HighLights

  1. कांग्रेस पर राजनीतिक विफलता छिपाने हेतु अराजकता फैलाने का आरोप।

  2. चुनाव हारने पर ईवीएम, निर्वाचन आयोग को दोष देना अनुचित।

  3. संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर राजनीतिक विफलता छिपाने के लिए देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

चुनाव जीतने पर अपनी उपलब्धि बताने और हारने पर ईवीएम व निर्वाचन आयोग को दोष देने की राजनीति से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह दिए गए उनके बयान में कांग्रेस के नेतृत्व, राजनीतिक विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उसके रुख पर तीखा प्रहार दिखा।

योगी ने कांग्रेस की मौजूदा राजनीति को उसकी चुनावी विफलताओं से जोड़ते हुए कहा कि जनता बार-बार उसे क्यों ठुकरा रही है, इस पर पार्टी नेतृत्व को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में 1985 के बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी नहीं होने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने 41 वर्ष पहले ही पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया था। उनके अनुसार, दूसरे राज्यों में भी कांग्रेस से जनता का मोहभंग हुआ है।

मुख्यमंत्री के बयान का राजनीतिक संदेश स्पष्ट था कि लगातार चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही कांग्रेस को अपनी रणनीति और नेतृत्व की समीक्षा करनी चाहिए।

हालांकि, उन्होंने पार्टी की विफलता के लिए नेतृत्व की अकर्मण्यता और भ्रष्ट आचरण को जिम्मेदार ठहराते हुए नेतृत्व परिवर्तन की नसीहत भी दी। यह हमला ऐसे समय में आया है, जब विपक्ष की भूमिका, चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच टकराव लगातार चर्चा में रहता है।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को बनाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने दिल्ली में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अव्यवस्था पैदा कर आम लोगों को परेशान कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का श्रेय खुद लेना और हार के लिए ईवीएम या निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराना दोहरा रवैया है। न्यायालय के फैसलों पर सवाल उठाने और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल को भी उन्होंने अनुचित बताया।

सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से अराजकता का रास्ता छोड़कर मुद्दों पर चर्चा करने तथा स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा बनने की अपील की।

उन्होंने चेतावनी दी कि जनता और युवाओं को गुमराह करने की राजनीति का नुकसान विपक्ष को ही उठाना पड़ सकता है। उनके बयान में कांग्रेस को घेरने के साथ यह संदेश भी निहित था कि विपक्ष को सरकार का विरोध करने के लिए जनहित के मुद्दों और ठोस राजनीतिक विकल्पों पर भरोसा करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- 60 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात देंगे CM योगी, 13 अक्टूबर को एक हजार रुपये मानदेय बढ़ाने की करेंगे घोषणा