Move to Jagran APP

नगर निगम कर्मियों का कार्य बहिष्कार आज, हो सकती है दिक्कत

पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नगर निगम कर्मचारियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार का एलान किया है। कर्मचारियों के काम न करने के कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र कर जमा करने नामांतरण समेत सभी कार्य प्रभावित होंगे।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Mon, 18 Oct 2021 11:02 AM (IST)Updated: Mon, 18 Oct 2021 11:02 AM (IST)
नगर निगम कर्मियों का कार्य बहिष्कार आज, हो सकती है दिक्कत
नगर न‍िगम में प्रदर्शन करते कर्मचारी। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे नगर निगम कर्मचारियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार का एलान किया है। कर्मचारियों के काम न करने के कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, कर जमा करने, नामांतरण समेत सभी कार्य प्रभावित होंगे। इससे नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि नगर निगम में अफसर पहले की तरह ही काम करेंगे।

loksabha election banner

बीते बुधवार को बेतियाहाता वार्ड में डस्टबिन लगवाने की मांग को लेकर उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल से मिलने पहुंचे पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू का विवाद हो गया था। पार्षद ने जूता निकालकर उप नगर आयुक्त पर तान दिया था। इससे नगर निगम में हंगामा मच गया था।

बाकी पार्षदों ने क‍िया बीच बचाव

मौके पर मौजूद पार्षद राजेश तिवारी और बृजेश सिंह छोटू ने किसी तरह बीच-बचाव कर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी को शांत कराया। पार्षद की हरकत से नाराज नगर निगम के अफसरों और कर्मचारियों ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। अफसरों से बातचीत के बाद उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल ने पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस ने एफआइआर दर्ज करने में खेल कर दिया। गंभीर धाराओं की जगह हल्की धाराएं लगाई गईं।इससे पार्षद को फायदा मिल रहा है। पुलिस जब तक प्रकरण में गंभीर धाराएं लगाकर पार्षद को गिरफ्तार नहीं करती नगर निगम के कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा।

शनिवार को किया था कार्य बहिष्कार

नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह के आह्वान पर कर्मचारियों ने शनिवार को काम नहीं किया था। इससे नगर निगम का काम प्रभावित हुआ था। कर्मचारियों ने नगर निगम के बाहर प्रदर्शन कर पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी भी की थी।

सफाई कर्मियों ने नहीं किया था काम

तीन दिन में पार्षद की गिरफ्तारी न होने से नाराज सफाईकर्मियों ने रविवार को कई वार्डों में सफाई नहीं की। इससे वार्डों में कूड़े का ढेर लग गया। हालांकि समाजवादी पार्टी के पार्षदों का कहना है कि रविवार को ज्यादातर वार्डों में सफाई पहले की तरह ही हुई। सफाईकर्मियों ने कूड़ा इकट्ठा कर दिया लेकिन वाहनों के न आने से कूड़ा वार्डों से हटाया नहीं जा सका। समाजवादी पार्टी पार्षद दल के नेता अशोक यादव का कहना है कि नगर निगम प्रशासन ने साजिश के तहत रविवार को सफाई नहीं होने दी लेकिन सपा के पार्षदों ने जनहित को ध्यान में रखकर सफाई कराई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.