गोरखपुर में चिलुआताल नदी के पास झाड़ियों के बीच मिला महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी
गोरखपुर के चिलुआताल नदी के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

यह तस्वीर AI जनेरेटेड है
HighLights
चिलुआताल नदी के पास झाड़ियों में अज्ञात महिला का शव मिला।
मृतका की उम्र 30-35 वर्ष, लाल साड़ी पहने हुई थी।
पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
संवाद सूत्र, गोरखपुर। चिलुआताल नदी के पास झाड़ियों में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। काली मंदिर के समीप झाड़ियों में शव देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला का शव औंधे मुंह पानी की तरफ पड़ा था। घटना की जानकारी फैलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। उसने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। शव की स्थिति देखकर उसके कई दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, महिला की मौत कब और कैसे हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि महिला का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पहचान कराने का प्रयास जारी है।
आसपास रहने वालों से पूछताछ की जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर भी फोटो प्रसारित किया गया है, साथ में आसपास के थानों में भी फोटो भेजकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर मंडल में नदियां उठान पर, बाढ़ की आहट से तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता
