विवाहिता की हत्या कर पति समेत सभी फरार, जानें क्या है माजरा
अभी पिछले साल शादी हुई थी। पति दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करता था। रात में गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। दहेज कम मिलने के कारण एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पति समेत ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अंत्य परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। यह वाकया देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरडीहा दल गांव का है। मायके वालों ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
देवरिया खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरौली निवासी 20 वर्षीय नासरीन खातून की शादी देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा दल गांव में हुई थी। बताया जा रहा है कि नासरीन व उसके पति इमामुद्दीन के बीच इन दिनों विवाद चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर तक इमामुद्दीन के घर में सन्नाटा था। किसी तरह की कोई हलचल न होते देख पड़ोसी परेशान हो गए।
पड़ोसी जब घर के अंदर गए तो देखे कि परिवार में कोई सदस्य नहीं था। सिर्फ नासरीन थी। लोगों ने उसे आवाज दी। जब उसने कुछ नहीं बोला तो महिलाएं उसके नजदीक गई। देखा की उसकी मौत हो चुकी है। यह देख पड़ोसियों के होश उड़ गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। नासरीन के गले पर चोट के निशान मिले।
नासरीन की मौत की सूचना मायके वालों को मिली। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता एजाज ने बताया कि 25 अक्टूबर 2018 को ही दहेज देकर शादी की थी। ससुराली अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। ससुरालियों ने गला दबाकर मेरी बेटी की हत्या कर दी। सीओ अंबिका राम ने कहा कि अंत्य परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।