सदभावना सम्मेलन के लिए बन रहा वाटरप्रूफ पंडाल, 35 हजार लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था Gorakhpur News
कार्यक्रम स्थल पर 35 हजार लोगों के आवास व भोजन की भी व्यवस्था की जा रही है। पानी के लिए बोङ्क्षरग भी कराई जा रही है साथ ही नगर निगम से 50 टैंकर जल की मांग की गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में चंपा देवी पार्क में 29 फरवरी से आयोजित सद्भावना सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। दिन-रात काम में श्रद्धालु व श्रमिक जुटे हुए हैं। सम्मेलन के मुख्य पंडाल में 35 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। पंडाल वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावना है, इसलिए तैयारियों को भव्य रूप दिया जा रहा है।
सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था
संचालक एसपी सिंह व मुन्ना सिंह के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर 35 हजार लोगों के आवास व भोजन की भी व्यवस्था की जा रही है। पानी के लिए बोङ्क्षरग भी कराई जा रही है, साथ ही नगर निगम से 50 टैंकर जल की मांग की गई है। सात जेनरेटर की भी व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर को रोशनी उपकरणों से सजाया जा रहा है। लगभग आठ सौ लोग निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं, जिसमें 100 श्रमिक व लगभग सात सौ श्रद्धालु अपना योगदान दे रहे हैं।
सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगे एक हजार कार्यकर्ता
कार्यक्रम स्थल पर संस्था के मानव सेवा दल के एक हजार कार्यकर्ता सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे। सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं।
सम्मेलन 29 फरवरी से
सद्भावना सम्मेलन 29 फरवरी को सायं छह बजे शुरू होगा। मुख्य अतिथि संस्था प्रमुख व उत्तराखंड राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज होंगे। मां अमृता व विभु महाराज भी श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। समापन एक मार्च को रात आठ बजे होगा।
भक्ति भाव से निकली प्रभातफेरी
सद्भावना सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए श्रद्धालुओं ने गुरुवार को प्रभातफेरी निकाली। होर्डिंग-बैनर के साथ भजन गाते चल रहे श्रद्धालु आकर्षण के केंद्र थे। प्रभातफेरी चंपा देवी पार्क से शुरू होकर पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा, आरटीओ, सिटी माल, मोहद्दीपुर होते हुए चंपा देवी पार्क पहुंचकर समाप्त हुई।