गोरखपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर: विश्वजीत त्रिपाठी की सपा में वापसी, जलभराव पर रवि किशन से हुआ था विवाद
गोरखपुर के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने भाजपा छोड़कर सपा में वापसी कर ली है।

गोरखपुर के बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सपा में शामिल। अखिलेश यादव के X हैंडल से ली गई तस्वीर।
HighLights
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने भाजपा छोड़ सपा में वापसी की।
सांसद रवि किशन से जलभराव मुद्दे पर हुआ था विवाद।
अखिलेश यादव ने लखनऊ में दिलाई पार्टी की सदस्यता।
अरुण चन्द, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सांसद रवि किशन से जलभराव के मुद्दे पर फोन पर हुई तीखी बहस के बाद सुर्खियों में आए नगर निगम के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने शुक्रवार को भाजपा को अलविदा कह दिया। लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाकर उनकी घर वापसी कराई। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी साइकिल की सवारी कर ली है।
विवाद से शुरू हुई वापसी की पटकथा
विश्वजीत त्रिपाठी के भाजपा छोड़ने की पटकथा सितंबर में ही लिखी जाने लगी थी। भारी बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने सांसद रवि किशन से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान सांसद ने तंज कसते हुए पूछा था कि पार्षद जी, सपा ज्वाइन कर लिए क्या? इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका आडियो-वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हुआ था। इसके बाद विश्वजीत की अखिलेश यादव से मुलाकात की तस्वीरें सामने आने पर दल बदलने के कयासों पर मुहर लगनी शुरू हो गई थी।
सपा के सिंबल पर जीते थे चुनाव, एमएलसी चुनाव में भी दिए थे संकेत
विश्वजीत त्रिपाठी का सियासी सफर दिलचस्प रहा है। उन्होंने पार्षद का चुनाव सपा के सिंबल पर ही लड़ा था और जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने पाला बदलते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बावजूद उनके झुकाव के संकेत पहले भी मिलते रहे। बीते दिनों एमएलसी चुनाव में भी उन्होंने सपा प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में प्रचार किया था। अब विधानसभा चुनाव के मुहाने पर उन्होंने औपचारिक रूप से अपने पुराने घर यानी सपा में वापसी कर ली है।
इन्होंने भी ली सदस्यता
विश्वजीत त्रिपाठी के साथ गौरव राय, कौशिक, गिरिजेश यादव, राहुल सिंह और सैफुल्लाह अंसारी ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम समेत गोरखपुर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों के अनुरूप जनता के हित और उत्थान के लिए पूरी मजबूती से काम करने का संकल्प लिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विश्वजीत की वापसी से गोरखपुर में सपा को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी।