विजयदशमी पर CM योगी ने महायोगी गोरखनाथ का किया विशेष पूजन, प्रदेशवासियों के लिए की सुख समृद्धि की कामना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विजयदशमी के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर में महायोगी गुरु गोरखनाथ का विशेष पूजन-अनुष्ठान किया।

HighLights
सीएम योगी ने विजयदशमी पर गोरखनाथ मंदिर में पूजन किया।
महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा कर कल्याण की कामना।
गोरक्षपीठाधीश्वर ने गोसेवा की और भीम सरोवर में लाई खिलाई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन-अनुष्ठान किया। गोरक्षपीठाधीश्वर के विशेष पारंपरिक परिधान में सीएम योगी ने गोरक्षपीठ की परंपरा का अनुसरण करते हुए मंगलवार सुबह विधि-विधानपूर्वक महायोगी गोरखनाथ की पूजा-आराधना कर चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की। इसी के साथ गोरक्षपीठ में विजयदशमी उत्सव को मनाने की शुरुआत हुई। पहला विशिष्ट अनुष्ठान दो घंटे से अधिक समय तक चला।
सीएम योगी मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ व अन्य साधु-संतों के साथ, संस्कृत विद्यापीठ के आचार्यगण व वेदपाठी छात्रों के वैदिक मंत्रोच्चार, शंख, डमरू, घंट, तुरही की गूंज के बीच गुरु गोरखनाथ के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। वहां नाथपंथ के विधान से महायोगी गोरखनाथ की विशिष्ट पूजा की। उन्हें विविध पूजन सामग्री के साथ शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ का ज्वारा चढ़ाया, आरती उतारी और हाथ से चंवर झलकर श्रद्धासेवा अर्पित की।
गुरु गोरखनाथ की आराधना करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर में प्रतिष्ठित अखंड ज्योति, समस्त देव विग्रहों, नाथपंथ के मनीषियों के विग्रहों, अखंड धूना, यज्ञशाला, भीम सरोवर का विशिष्ट पूजन किया। उन्होंने करबद्ध होकर महायोगी गोरखनाथ और सभी देव विग्रहों की परिक्रमा भी की।
पूजन के क्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ सहित अन्य संतों की समाधि स्थल पर भी पहुंचे। क्रम से गुरुदेव, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ, योगिराज बाबा गंभीरनाथ आदि मनीषियों की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया और विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान नाथपंथ के परंपरागत विशेष वाद्य यंत्र नागफनी, शंख, ढोल, घंट, डमरू, तुरही और बैंड बाजे की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्ति तरंगों से झंकृत हो रहा था। विजयादशमी के विशिष्ट पूजन में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुखमय, शांतिमय और समृद्धिमय जीवन की कामना की।
विजयादशमी पर गो पूजन कर सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी के विशिष्ट पूजन के क्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर ने मंदिर की गोशाला में गोपूजन किया और गोमाता को श्रद्धाभाव से गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की। गोसेवा के दौरान वह गोवंश को दुलारते भी रहे। विजयदशमी अनुष्ठान के दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर ने भीम सरोवर में रहने वाली मछलियों को भी लाई खिलाया।
