विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में 30 अक्टूबर तक बनकर तैयार होंगे 1600 फ्लैट, दीवाली तक परिवारों को मिलेगा अपना घर

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:19 PM (IST)

गोरखपुर विकास प्राधिकरण खोराबार टाउनशिप में 30 अक्टूबर तक 1600 से अधिक फ्लैट तैयार करने का लक्ष्य लेकर चल रहा ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. खोराबार में 1600 से अधिक फ्लैट तैयार होंगे 30 अक्टूबर तक।

  2. दिवाली तक आवंटियों को मिलेगा उनके सपनों का घर।

  3. शेष 400 फ्लैट और भूखंडों का कब्जा दिसंबर तक।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खोराबार आवासीय टाउनशिप में अपने घर का इंतजार कर रहे आवंटियों के लिए राहत की खबर है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 30 अक्टूबर तक 1600 से अधिक फ्लैट तैयार करने का लक्ष्य रखा है।

इन आवासों के आवंटियों को दीवाली तक कब्जा देने की तैयारी है। इसके लिए निर्माण कार्यों को अंतिम रूप देने के साथ ही आवंटियों से बकाया धनराशि जमा कराने के लिए संपर्क किया जा रहा है।

दूसरे चरण में दिसंबर तक मिलेगा कब्जा

दूसरे चरण में बचे हुए करीब 400 फ्लैट और 312 आवासीय भूखंडों के आवंटियों को दिसंबर तक कब्जा देने की तैयारी है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने हाल ही में परियोजना की समीक्षा करते हुए समय से काम पूरा करने की टाइमलाइन दी है।

खोराबार टाउनशिप में विभिन्न आय वर्गों के लिए करीब 2000 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इनमें अधिकांश ब्लाकों का ढांचागत निर्माण पूरा हो चुका है। अब आंतरिक फिनिशिंग और बाहरी विकास कार्यों को पूरा करने पर जोर है।

कई ब्लॉक का काम पूरा

परियोजना में मिनी एमआईजी श्रेणी के दो ब्लॉकों में 420 आवास बनाए जा रहे हैं। दोनों ब्लॉक का काम लगभग पूरा हो चुका है। एमआईजी श्रेणी के कुल 308 फ्लैट के लिए प्रस्तावित दस ब्लाकों में पांच ब्लाक पूरे हो चुके हैं। थोड़ा बहुत ही काम बाकी है, जिसे दस दिन में पूरा कर लेने का दावा किया जा रहा है।

एलआइजी श्रेणी के दो ब्लॉकों में 480 फ्लैट हैं। दोनों का ढांचा तैयार है और आंतरिक फिनिशिंग का करीब 96 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के सात ब्लॉकों में से छह ब्लॉक भी तैयार हो चुके हैं। इस श्रेणी के कुल 560 फ्लैटों में करीब 400 आवंटियों को पहले चरण में कब्जा देने की तैयारी है।

एमआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के करीब 350 से 400 फ्लैटों का निर्माण बाकी रह जाएगा, जिन्हें 31 दिसंबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। प्राधिकरण की योजना भव्य समारोह आयोजित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों आवंटियों को आवासों की चाबी दिलाने की है।

प्राधिकरण का पूरा प्रयास है कि खोराबार टाउनशिप के ज्यादा से ज्यादा आवंटियों को दीवाली के शुभ अवसर पर चाबी सौंपकर कब्जा दिला दिया जाए। एमआईजी और ईडब्ल्यूएस के करीब 350 से 400 फ्लैट का निर्माण बाकी रह जाएगा। इसे भी दिसंबर तक पूरा कर आवंटियों को कब्जा दिला दिया जाएगा -अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष, जीडीए।

यह भी पढ़ें- जौनपुर में दशहरा पर 99 स्थानों पर रावण के पुतले का होगा दहन, 161 जगहों पर लगेगा मेला