Corona virus : गोरखपुर में सतर्कता बढ़ी, बाजारों में और कम हुई चहलकदमी Gorakhpur News
शहर के मोहद्दीपुर स्थित ओरियन मॉल सिविल लाइन स्थित सिटी मॉल विजय चौक के निकट स्थित एडी मॉल आदि में दुकानों पर सन्नाटा पसरा है।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का असर आम लोगों पर भी नजर आ रहा है। सतर्कता की दृष्टि से लोग घरों पर रहना पसंद कर रहे हैं। जरूरी काम से ही बाहर निकल रहे हैं। जिससे गुरुवार को भी प्रमुख बाजारों में चहलकदमी और कम रही।
मॉल में लोगों का आना लगभग बंद
प्रदेश सरकार ने सभी सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स को बंद करने का आदेश दिया है। आदेश के अनुपालन में शहर के सभी सिनेमाघर एवं मल्टीप्लेक्स बुधवार को बंद कर दिए गए। सामान्य दिनों में सिनेमाघरों में करीब 12 सौ लोग आते थे। शहर के मॉल तो खुले हैं लेकिन दुकानदारों के अनुसार लोगों का आना करीब 90 फीसद तक कम हो गया है। शहर के मोहद्दीपुर स्थित ओरियन मॉल, सिविल लाइन स्थित सिटी मॉल, विजय चौक के निकट स्थित एडी मॉल आदि में दुकानों पर सन्नाटा पसरा है। यहां काम करने वाले कर्मचारी कोरोना को लेकर सतर्कता बरतते दिख रहे हैं। सभी के चेहरे पर मास्क नजर आया। वे समय-समय पर सैनिटाइजर का प्रयोग कर हाथ भी साफ कर रहे हैं।
सुपर मार्केट में भी आवागमन बंद
मॉल के अतिरिक्त सुपर मार्केट में भी लोगों की आवाजाही न के बराबर है। कई स्थानों पर गर्मी को देखते हुए नए कलेक्शन आ गए हैं पर ग्राहकों की उपस्थिति न के बराबर होने से उनकी बिक्री प्रभावित है। रेती, घंटाघर, शाहमारूफ जैसे बाजारों में बुधवार की तुलना में भीड़ कम नजर आई। शेयर बाजार में लगातार जारी गिरावट के चलते निवेशक निराश हैं।
अफवाहों ने किया परेशान
कोरोना को लेकर दिनभर अफवाह भी फैलती रही। प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन को लेकर भी कई तरह की अफवाहें फैलीं। महेवा मंडी में नियमित जांच करने गई टीम को लेकर भी अफवाह फैल गई। लोगों में यह चर्चा शुरू हो गई कि प्रशासन मंडी बंद करा रहा है, इसके बाद अचानक कुछ लोग वहां तथा साहबगंज मंडी में पहुंच गए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। महेवा मंडी में आलू व प्याज के व्यापारी शम्स परवेज राईन के अनुसार खरीदारी कुछ बढ़ गई। साहबगंज मंडी में किराना व्यवसायी अनिल जायसवाल के अनुसार दोपहर तक सन्नाटा था लेकिन शाम के समय लोग नजर आए। डिस्पोजल सामानों के विक्रेता विशाल गुप्ता ने कहा कि दोपहर बाद साहबगंज मंडी में जाम की स्थिति नजर आई।
व्यापारियों ने बांटा कपूर
साहबगंज मंडी में डिस्पोजल एसोसिएशन के महामंत्री विशाल गुप्ता एवं कपूर कारोबारी अजय जायसवाल ने मंडी में आए लोगों में कपूर वितरित किया।