महराजगंज में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया Gorakhpur News
महराजगंज में एक किशोरी को कुछ युवकों ने नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्मियों ने इसका वीडियो भी बनाया।
महराजगंज, जेएनएन। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा रेलवे स्टेशन पर एक किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी होने पर परिजनों ने एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा उसका इलाज कराया। इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सिसवा रेलवे स्टेशन परिसर में दुकान लगाने वाले तीन दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया
पीड़ित किशोरी के पिता ने तहरीर में लिखा है कि बीते 21 फरवरी को वह अपनी बेटी को मामा के घर पिपराइच जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर छोड़कर घर चले गए। लड़की ट्रेन का इंतजार कर रही थी। उसी दौरान रेलवे स्टेशन पर दुकान करने वाले रामसनेही, भूवर और लाला नाम के तीन युवकों ने लड़की को खाने के किसी सामान में नशा की गोली खिला दिया। बेहोश होने पर रात को रेलवे स्टेशन परिसर में ही सुनसान जगह पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया।
पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया
होश आने पर लड़की को वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगे। लड़की किसी तरह घर पहुंची लेकिन किसी को कुछ बताने से इंकार करती रही। बहुत पूछने पर उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई। प्रभारी निरीक्षक शुभ नारायण दुबे ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के पिता की पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपित भुअर व लाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपित रामसनेही की तलाश की जा रही है।