अजग-गजब : कोई गाय को घास खिला रहा, कोई गदहा देखकर निकल रहा चुनाव प्रचार में
LokSabha Elections 2019 प्रत्याशी धर्म-कर्म का भी सहारा ले रहे हैं। चुनाव प्रचार में निकलने से पहले टोटका भी कर रहे है। इसमें कितना भी समय लग जाए उन्हें कोई परवाह नहीं है।
गोरखपुर, जेएनएन। LokSabha Elections 2019 जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आता जा रहा है, मतदाताओं की चुप्पी ने राजनीतिक महारथियों को परेशान कर दिया है। चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा, यह गणित समझने में लगे हुए हैं। रोजाना नई रणनीति बनाई जा रही हैं। प्रत्याशी धर्म-कर्म का भी सहारा ले रहे हैं। चुनाव प्रचार में निकलने से पहले टोटका भी कर रहे है। इसमें कितना भी समय लग जाए, उन्हें कोई परवाह नहीं है। लेकिन चुनाव में उनके पक्ष में बयार बहने लगे, यह मनौती भी मांगी जा रही है।
चुनावी नैया को पार लगाने के लिए प्रत्याशी सभी प्रकार के टोटका को आजमाने लगे हैं। उनका मानना है कि टोटका करने से सभी प्रकार की विघ्न व बाधा दूर हो जाएगी। कोई रोजाना मंदिर पहुंच रहा है तो किसी को पत्नी अपने हाथों से दही खिला रही है। घर से निकलने से पहले गाय को हरी घास खिलाई जा रही है।
डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल जब चुनाव प्रचार के लिए घर से निकलने से पहले पूजा करते है। नाश्ता करने के बाद पहले बाएं पैर में जूता डालते है। पत्नी स्नेहलता पाल उन्हें तिलक लगाने के बाद दही खिलाती है। उनका मानना है यह है कि जब वह पहली बार बस्ती से विधानसभा का चुनाव लड़े थे, तभी से यह टोटका काम करता आ रहा है। इसे करने से सफलता मिलती रही है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरने वाले कांग्रेस प्रत्याशी डा. चंद्रेश उपाध्याय भी जब पूजा कर लेते है तो पत्नी डा. सलोनी उपाध्याय उन्हें अपने हाथों से दही खिलाती हैं।
डा. चंद्रेश सुबह निकलने से पहले पार्टी का गमछा दाहिने कंधे पर डालते हैं। अपने अस्पताल में मां दुर्गा की पूजा और पिता की मूर्ति का चरण स्पर्श करते हैं । बसपा प्रत्याशी आफताब आलम सुबह प्रचार में निकलने से पहले मुख्य गेट पर एक बड़े बर्तन में चावल, उड़द की दाल व अदरक (खिचड़ी) छू कर निकलते है। खिचड़ी में नकदी भी डालते हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक पार्टी के प्रत्याशी का मानना है कि प्रचार में निकलने पहले वह गदर्भ (गदहा) देखना शुभ मानते हैं। इससे मां शीतला की कृपा उनके ऊपर बनी रहती है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप