विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन खरीदने से पहले मोबाइल पर चेक करें पुरानी रजिस्ट्री, बंधक है या नहीं; ऐसे खुलेगा पूरा ब्योरा

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:20 PM (IST)

जमीन खरीदने से पहले उत्तर प्रदेश स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के पोर्टल (IGRSUP) पर पुरानी रजिस्ट्री, बैंक बंधक और निषिद्ध ...और पढ़ें

AI Image.

AI Image.

HighLights

  1. IGRSUP पोर्टल पर संपत्ति खोज, भार मुक्ति सुविधा उपलब्ध।

  2. पुरानी रजिस्ट्री, बैंक बंधक, निषिद्ध संपत्ति की जांच करें।

  3. मोबाइल से घर बैठे करें जमीन की शुरुआती पड़ताल।

विवेक शुक्ला, गोरखपुर। जमीन खरीदने जा रहे हैं तो सिर्फ खतौनी और कोर्ट केस की जांच तक सीमित न रहें। कहीं जमीन पहले ही किसी दूसरे व्यक्ति को बेची तो नहीं जा चुकी है? उस पर बैंक का कर्ज तो नहीं है? या फिर वह किसी सरकारी प्रतिबंध के दायरे में तो नहीं आती? ऐसे सवालों की पड़ताल किए बिना जमीन का सौदा करना मुश्किल में डाल सकता है।

राहत की बात यह है कि उत्तर प्रदेश में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के पोर्टल पर संपत्ति खोज, भार मुक्ति प्रमाणपत्र और निषिद्ध संपत्ति से जुड़ी जानकारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। खरीदार घर बैठे मोबाइल से उपलब्ध रिकॉर्ड की शुरुआती जांच कर सकते हैं।

मोबाइल से ऐसे चेक करें जमीन की रजिस्ट्री

  • सबसे पहले स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://igrsup.gov.in खोलें।
  • यहां नागरिक ऑनलाइन सेवाओं में संपत्ति खोज (e-Search) का विकल्प तलाशें।
  • संबंधित संपत्ति की उपलब्ध जानकारी के आधार पर खोज करें। इसमें नाम, पंजीकरण संख्या या खसरा आदि के आधार पर संपत्ति का रिकॉर्ड तलाशने की सुविधा दी गई है।
  • उपलब्ध रिकॉर्ड में संपत्ति से जुड़े पंजीकृत दस्तावेजों का विवरण देखें। विक्रेता से मिले पुराने बैनामे और ऑनलाइन उपलब्ध जानकारी का मिलान करें।
  • यदि पहले की रजिस्ट्री या किसी अन्य दस्तावेज को लेकर संदेह हो तो उसकी प्रमाणित प्रति के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।

जमीन पर बैंक का कर्ज तो नहीं 
कई बार जमीन पर बैंक या वित्तीय संस्था का बंधक हो सकता है। ऐसे में केवल विक्रेता के दावे पर भरोसा करने के बजाय भार मुक्ति प्रमाणपत्र (Non-Encumbrance Certificate) से संबंधित सुविधा की जानकारी लें। आईजीआरएसयूपी (IGRSUP) पर इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था दी गई है। प्रमाणपत्र और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच कर यह पड़ताल की जा सकती है कि संबंधित संपत्ति पर दर्ज भार के संबंध में क्या जानकारी उपलब्ध है।

प्रतिबंधित संपत्ति की भी करें पड़ताल
स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के पोर्टल पर निषिद्ध संपत्ति की खोज का विकल्प भी उपलब्ध है। जमीन खरीदने से पहले संबंधित संपत्ति की पहचान और उपलब्ध विवरण का मिलान इस रिकॉर्ड से करना चाहिए। इससे प्रतिबंधित संपत्ति से जुड़े जोखिम की शुरुआती पड़ताल में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में डेढ़ साल से आगे नहीं बढ़ पाई बेतिया राज के भूमि की पैमाइश, बिहार अधिग्रहण से बढ़ी हलचल

इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन रिकॉर्ड में जानकारी न मिलना इस बात की गारंटी नहीं है कि जमीन पूरी तरह विवादमुक्त है। पुराने दस्तावेज, रिकॉर्ड में अपडेट की स्थिति और संपत्ति पर किसी अन्य प्रकार के दावे की अलग से जांच जरूरी है। बैनामा करने से पहले संबंधित उप निबंधक कार्यालय और जरूरत पड़ने पर अधिवक्ता से दस्तावेजों का सत्यापन कराएं।

यह भी पढ़ें- जिस जमीन पर सौदा करने जा रहे हैं, कहीं कोर्ट केस तो नहीं? मोबाइल से ऐसे करें जांच