Move to Jagran APP

नगर विकास मंत्री ने 'संभव' से जानी समस्या, समाधान के बारे में नगर आयुक्त से पूछा

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम में संभव पोर्टल के माध्यम से आने वाली ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की की समीक्षा। इस दौरान मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिकायतकर्ताओं से बात कर फीडबैक भी लिया।

By Pragati ChandEdited By: Published: Thu, 07 Jul 2022 03:56 PM (IST)Updated: Thu, 07 Jul 2022 03:56 PM (IST)
नगर विकास मंत्री ने 'संभव' से जानी समस्या, समाधान के बारे में नगर आयुक्त से पूछा
यूपी के नगर विकास मंत्री एके शर्मा। (फाइल फोटो)

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने 'संभव' पोर्टल की सार्थकता की समीक्षा की। उन्होंने इस पोर्टल के जरिए शिकायतों के बारे में जानकारी ली और उनके समाधान के लिए की गई कार्यवाही के बारे में नगर आयुक्त से जानकारी ली। नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि संभव पोर्टल पर 17 शिकायतें आई थीं, जिनमें से अधिकतर का समाधान किया जा रहा है।

loksabha election banner

ऑनलाइन समीक्षा में नगर विकास मंत्री ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी ऑनलाइन पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। मंत्री ने बेतियाहाता के न्यू आवास विकास कालोनी निवासी सतीश कुमार नायक की शिकायत के बारे में पूछा। सतीश ने अपने क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके समाधान के बारे में पूछने पर नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि जलकल की टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने सीवर चैंबर बनाने के लिए 2.50 लाख रुपये का आगणन तैयार किया है। टेंडर कराकर डीप चैंबर बनवा दिया गया है। इससे सीवर लाइन को जोड़ दिया गया है। नगर निगम की त्वरित कार्रवाई से शिकायतकर्ता संतुष्ट हैं।

मंत्री ने एक-एक कर सभी शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से पूछा कि वे समाधान से संतुष्ट हैं या नहीं। अधिकतर शिकायतकर्ताओं ने कहा कि वे समाधान से संतुष्ट हैं। आनलाइन समीक्षा के बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।

टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत: नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं को लेकर टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नगर विकास मंत्री ने राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 1533 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस नंबर पर प्रदेश के किसी भी क्षेत्र से डायल करने पर संबंधित नगर निगम के कंट्रोल रूम में फोन लगेगा। फोन न उठने पर काल लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम को स्वत: ट्रांसफर हो जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.