Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Nikay Chunav 2023: सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले किया मतदान फिर जलपान, तस्वीरों में देखें- एक झलक

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Thu, 04 May 2023 10:33 AM (IST)

    UP Nikay Chunav 2023 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की सुबह सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद जलपान किया। सीएम ने लोगों से अपील की कि अपने मतों का प्रयोग जरूर करें। सभी लोग घरों से निकलें और वोटिंग जरूर करें।

    Hero Image
    गोरखपुर में मतदान कर बूथ से बाहर निकलते सीएम योगी आदित्यनाथ। -जागरण

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। UP Nikay Chunav Voting In Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को नगर निगम के चुनाव में अपने आह्वान 'पहले मतदान फिर जलपान' का खुद भी अनुसरण किया। मतदान शुरू होते ही वह ठीक सात बजे अपने मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय कन्या गोरखनाथ पहुंचे और बूथ संख्या 729 पर वोट डाला। मतदान के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने मठ में जाकर जलपान ग्रहण किया। वह अपने बूथ के सबसे पहले मतदान करने वाले वोटर भी बने।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मतदान लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है

    मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान हमारे महान संविधान के निर्माताओं द्वारा दिया गया लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। नगर निकाय के चुनाव में इस अधिकार और कर्तव्य का बेहतर उपयोग करते हुए हमें नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्मार्ट व सेफ सिटी बनाने की दिशा में योगदान सुनिश्चित करना होगा।

    योगी ने लोगों से अपील की कि नगरीय क्षेत्रों में सुव्यवस्थित विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मतदान के अधिकार को कर्तव्य मानकर इसका उपयोग करें।

    लोकतंत्र का उत्सव है मतदान

    मतदान को लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए तथा इस उत्सव में सबका अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में चार करोड़ 32 लाख से अधिक मतदाता दो चरणों में भाग लेकर नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

    गुरुवार को 37 जिलों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिकाओं व 276 नगर पंचायतों में कुल 7288 बूथों पर मतदान हो रहा है। इसमें 2 करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अच्छी व्यवस्था की है। साथ ही ईश्वर की विशेष कृपा है कि मौसम इतना सुहावना हो गया है।

    लोस, विस चुनाव में भी बूथ के पहले वोटर बने थे सीएम योगी

    नगर निगम चुनाव में अपने बूथ के पहले मतदाता बनने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव 2019 और विधानसभा चुनाव 2022 में भी मतदान करने वाले पहले वोटर बने थे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान को लेकर वह न केवल सतत लोगों को जागरूक करते हैं बल्कि स्वयं भी इसके लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। लगातार तीन चुनाव में बूथ का वोटर नम्बर वन बनना इसका प्रमाण है।