केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा-कैब मुस्लिम विरोधी नहीं, उकसावे में न आएं Gorakhpur News
नागरिकता संशोधन कानून मुस्लिम समुदाय का विरोधी नहीं है। मुस्लिम समुदाय के लोगों को किसी के उकसावे में नही आना चाहिए।
गोरखपुर, जेएनएन। केंद्रीय सामाजिक न्याय और आधिकारिता राज्यमंत्री व रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून मुस्लिम समुदाय का विरोधी नहीं है। यह पड़ोसी देशों से शरण के लिए भारत आए हिन्दू, जैन, बौद्ध, सिख, पारसी और ईसाई लोगों को भारतीय नागरिकता देने से संबंधित है। किसी के साथ अन्याय करने वाला कानून नहीं है। मुस्लिम समुदाय के लोगों को किसी के उकसावे में नही आना चाहिए।
वे मंगलवार को कुशीनगर जिले के साखोपार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौटते समय शाम को पथिक निवास में जागरण से बातचीत कर रहे थे।
विघटनकारी तत्व उकसा रहे मुसलमानों को
उन्होंने कहा कि विघटनकारी तत्वों द्वारा मुस्लिम समुदाय को उकसाने की कोशिश की जा रही है। बाहर से आकर यहां रह रहे मुसलमान यदि नागरिकता के लिए आवेदन करते हैं, तो सरकार इस पर विचार करेगी। कानून से भारतीय मुस्लिम लोगों को डरने की आवश्यकता नहीं है। पूर्वोत्तर में हो रहे आंदोलन पर कहा कि वहां के मूल लोग इसलिए विरोध कर रहे हैं कि हमारे वहां बाहर से लोग न आएं। यह भी ठीक नहीं है।
प्रत्येक भारतीय को देश के किसी भी राज्य में रहने का अधिकार
उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को देश के किसी भी राज्य में रहने का अधिकार है। आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से होना चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में कहाकि महाराष्ट्र की सरकार में नैसर्गिक गठबंधन नहीं है। सावरकर को लेकर शिवसेना व कांग्रेस में मतभेद बढ़ता जा रहा है। सावरकर का शिवसेना बचाव कर रही है और कांग्रेस विरोध में है। कहाकि भविष्य में शिवसेना और भाजपा दोनों एक साथ आ सकते हैं।