ठेके में वसूली करने वाले नगर निगम के दो लिपिकों का तबादला, जानें-क्या था मामला Gorakhpur News
राजेंद्र कुमार सिंह को रेंट विभाग से कर विभाग जोन चार व अधिष्ठान की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि प्रेमप्रकाश सिंह को कर विभाग से रेंट विभाग भेजा गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम में काफी समय बाद खिलाड़ी बाबुओं पर कार्रवाई की गाज गिरी है। ठीकेदार से दो लाख रुपये की वसूली के आरोपी दो बाबुओं को नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने उनके पद से हटा दिया है। एक को कान्हा उपवन भेजा गया है। दूसरे बाबू को कर विभाग व अधिष्ठान की जिम्मेदारी दी गई है।
जागरण की खबर का हुआ असर
दैनिक जागरण ने पांच दिसंबर के अंक में 'पैडलेगंज में वसूली का ठेका हुआ निरस्तÓ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर में ठीकेदार के हवाले से बताया गया था कि नगर निगम के दो बाबुओं ने पैडलेगंज में ठीका दिलाने के नाम पर ठीकेदार से एक लाख रुपये लिए हैं। अब वह एक लाख रुपये और मांग रहे हैं। ठीकेदार ने बताया था कि फिर से एक लाख रुपये मांगने पर बाबुओं से सवाल किया तो उन्होंने बताया कि पहले वाला एक लाख छोटे साहब ने ले लिया था अब एक लाख बड़े साहब को चाहिए। खबर प्रकाशित होने के बाद से ही दोनों बाबुओं पर कार्रवाई की अटकलें लगने लगी थीं। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यहित में तबादले किए गए हैं।
दुकानों के आवंटन में भी चल रही जांच
नगर निगम की शहर के कई हिस्सों में 17 दुकानें हैं। इन दुकानों के आवंटन को लेकर भी सवाल उठे हैं। बताया जाता है कि किसी अधिकारी की सहमति लिए बिना ही दुकानें आवंटित कर दी गईं। इस आवंटन में पार्षदों के रक्त संबंधियों को उपकृत किया गया। मामले की शिकायत कुछ पार्षदों ने कमिश्नर से की थी। शासन स्तर पर इस मामले की जांच चल रही है। तबादले के दायरे में आए एक बाबू इस प्रकरण के सूत्रधार बताए जाते हैं।
तीन अभियंताओं को रिलीव नहीं किया गया
नगर निगम में सहायक अभियंता अशोक सिंह, अवर अभियंता एनडी पांडेय और जलकल के सहायक अभियंता अनूप मिश्र का काफी समय पहले तबादला हो चुका है। लेकिन इन्हें अब तक रिलीव नहीं किया गया। तबादले के बाद भी काफी समय से जमे कर अधीक्षक योगेश आर्या को कुछ दिन पहले रिलीव किया गया है। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि इन इंजीनियरों की जगह किसी के न आने के कारण रिलीव नहीं किया जा रहा है। जैसे ही इनकी जगह दूसरे इंजीनियर आ जाएंगे, इन्हें रिलीव कर दिया जाएगा।
अकूत संपत्ति कमाई
नगर निगम में कुछ बाबुओं ने अकूत संपत्ति कमाई है। इन बाबुओं की संपत्ति की जांच कराई जाए तो स'चाई खुद सामने आ जाएगी। बताया जाता है कि शासन स्तर से बाबुओं की संपत्ति की जांच के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भ्रष्टाचार में लिप्त मिलेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इनका हुआ तबादला
राजेंद्र कुमार सिंह को रेंट विभाग से कर विभाग जोन चार व अधिष्ठान की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि प्रेमप्रकाश सिंह को कर विभाग से रेंट विभाग भेजा गया है। इसी तरह संत कुमार सिंह को रेंट विभाग से कान्हा उपवन तबादला कर दिया गया है। उमेश यादव को कान्हा उपवन से रेंट विभाग और रईश अहमद को कान्हा उपवन से पथ प्रकाश विभाग में तबादला किया गया है।